पार्टी में कुछ लोग माई-बाप बन गए हैं, उन्हीं के इशारे पर खेल हुआ, मंच पर जगह न मिलने से बिफरे सत्यनारायण सत्तन
दशहरा मैदान में आयोजित नर्मदा के चौथे चरण के भूमिपूजन कार्यक्रम में मंच पर कुर्सी नहीं मिलने से आहत भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन का आक्रोश सो ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 30 Mar 2026 07:57:49 PM (IST)Updated Date: Mon, 30 Mar 2026 08:01:39 PM (IST)
नर्मदा भूमिपूजन में प्रोटोकॉल चूका। (सत्यनारायण सत्तन फाइल फोटो)HighLights
- नर्मदा भूमिपूजन में प्रोटोकॉल चूका
- सत्तन के घर पहुंचे बीजेपी नगराध्यक्ष
- इंदौर महापौर ने भी जताया गहरा दुख
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दशहरा मैदान में आयोजित नर्मदा के चौथे चरण के भूमिपूजन कार्यक्रम में मंच पर कुर्सी नहीं मिलने से आहत भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन का आक्रोश सोमवार को जमकर फूटा। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि पार्टी में कुछ लोग माई-बाप बन गए हैं। उन्हीं के इशारे पर नियुक्तियां होती हैं और उन्हीं के इशारे पर यह सारा खेल हुआ।
पार्टी अब मुझे प्रासंगिक नहीं मानती- सत्तन
सत्तन यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि जिन्हें कोई अनुभव नहीं है, जिन्हें शहर की जानकारी नहीं, जो शहर की रग को नहीं समझते वे नेतृत्व करेंगे तो ऐसा ही होगा। कोई किसी का पट्ठा है तो कोई किसी का। मैं तो भाजपा का कार्यकर्ता हूं। कार्यक्रम नगर निगम का था। महापौर ने खुद मुझे दो बार फोन किया था इसलिए मैं वहां गया था। मैं पहले चरण का कार्यकर्ता हूं। पार्टी अब मुझे प्रासंगिक नहीं मानती।
गौरतलब है कि रविवार को दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदा के चौथे चरण के कार्यों का भूमिपूजन किया था। भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन भी कार्यक्रम में आमंत्रित थे। वे तय समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचे, लेकिन उन्हें मंच पर स्थान नहीं दिया गया।
भाजपा नगराध्यक्ष ने घर पहुंचकर मांगी माफी
इससे नाराज होकर वे कार्यक्रम छोड़कर लौट गए। नईदुनिया से चर्चा में उन्होंने कहा था कि मैंने कार्यक्रम से अनुपस्थित रहकर अपना विरोध जता दिया है। मीडिया से चर्चा में सत्तन ने कहा कि जिन्होंने कुर्सी पर नाम लिखवाए थे उन्हें अपने लिए जो हितकारी और महत्वपूर्ण लगते हैं उनके नाम लिखे गए थे। मैं उनके हिसाब से महत्वपूर्ण नहीं हूं इसलिए मेरा नाम नहीं लिखा गया था। सोमवार को भाजपा नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा खुद सत्तन के निवास पहुंचे और रविवार को हुए घटनाक्रम को लेकर माफी मांगी।
यह भी पढ़ें- सावधान! एमपी में LPG किल्लत का फायदा उठा रहे ठग, गैस बुकिंग के नाम पर हो रही ठगी की कोशिश, साइबर पुलिस ने किया अलर्ट
त्रुटि के लिए गहरा दुख है- महापौर
वरिष्ठ भाजपा नेता सत्यनारायण सत्तन को विधिवत आमंत्रित किया गया था। मंच पर कुर्सी भी थी, लेकिन उनके नाम की पर्ची कुर्सी पर नहीं लग पाने एवं संवाद में हुई त्रुटि के कारण असुविधा हुई। इसका मुझे गहरा दुख है। मैं हृदय से क्षमा प्रार्थी हूं।- पुष्यमित्र भार्गव, महापौर इंदौर
हमने माफी मांग ली है गलतफहमी की वजह से ऐसा हुआ था। सत्यानारायण सत्तन हमारे वरिष्ठ नेता और मार्गदर्शक हैं। हमने उनसे मिलकर माफी मांग ली है।- सुमित मिश्रा, भाजपा नगराध्यक्ष