इंदौर आगजनी कांड: महिला होम ट्यूटर निकली मास्टरमाइंड, बेटी का रिश्ता टूटने पर दी थी सुपारी
विजय नगर की आगजनी की घटना में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। महिला होम ट्यूटर वारदात की मास्टर माइंड निकली। उसने ड्राइवर को सुपारी दी और कार में आग लगवा ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 29 Mar 2026 06:17:06 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Mar 2026 06:17:06 PM (IST)
इंदौर आगजनी कांडHighLights
- बेटी का रिश्ता टूटने से नाराज महिला टीचर ने रची आगजनी की साजिश
- ड्राइवर को पैसे और लोकेशन देकर फरियादी की कार में लगवाई आग
- 350 सीसीटीवी और व्हाट्सएप चैटिंग की मदद से पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। विजय नगर की आगजनी की घटना में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। महिला होम ट्यूटर वारदात की मास्टर माइंड निकली। उसने ड्राइवर को सुपारी दी और कार में आग लगवा दी। पुलिस ने महिला और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में महिला ने जुर्म कबूल लिया है। वह बेटी का रिश्ता टूटने से नाराज थी। घटना का खुलासा करने के लिए 350 स्थानों के सीसीटीवी कैमरे खंगालने पड़े।
सीसीटीवी कैमरों से खुला राज
टीआइ सीके पटेल के अनुसार घटना 16 मार्च की है। विजयनगर निवासी कपिल चौहान की कार (एमपी 09 डब्लूई 6887) में अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी थी। शनिवार रात पुलिस ने इस मामले में अजय चौहान निवासी देवास को निरंजनपुर से गिरफ्तार कर लिया। अजय ने मनीषा अग्रवाल का नाम बताया है।
रिश्ता टूटने का बदला
मनीषा की बेटी की कपिल (फरियादी) के छोटे भाई मयंक से दोस्ती थी। दोनों साथ ही रहते थे और शादी की चर्चा चल रही थी। अचानक मयंक ने शादी से इनकार कर दिया। इससे मनीषा गुस्सा हो गई। उसने कपिल और मयंक को सबक सिखाने की ठानी और पिछले साल नवंबर में मयंक की बाइक चोरी करवा ली। इसके बाद भी उसका बदला पूरा नहीं हुआ और अजय को सुपारी देकर कार में आग लगवा दी।
व्हाट्सएप चैटिंग और ट्रांजेक्शन से मिली मदद
टीआइ के अनुसार मनीषा ने अजय को कपिल के घर की लोकेशन भेजी और रेकी करवाई। वह उसको फोन पर निर्देश दे रही थी। पकड़े जाने के डर से दोनों व्हाट्सएप पर बात करते थे। पुलिस को ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड और चैटिंग भी मिली है।