चूहों के इंतजार में घर में छिपा था 5 फीट लंबा इंडियन कोबरा; इटारसी के डोलरिया में बाल-बाल बची महिला
इंडियन कोबरा अत्यंत विषैला होता है, ऐसे में सांप दिखने पर उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें, तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्र को सूचना दें।
Publish Date: Mon, 13 Jul 2026 04:21:26 PM (IST)Updated Date: Mon, 13 Jul 2026 04:21:26 PM (IST)
सर्प मित्र अभय चौरे, मोहित मेहरा, सूरज अहिरवार और अंकित साहू ने कोबरा का सफल रेस्क्यू किया। नईदुनिया।फोटो एआई से तैयार की गई है।HighLights
- चूहों का पीछा करते हुए 5 फीट लंबा इंडियन कोबरा घर में घुसा
- सफाई के दौरान महिला की नजर पड़ने पर हड़कंप मच गया
- वन विभाग और सर्प मित्रों की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी। ग्राम डोलरिया में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चूहों का पीछा करते हुए एक इंडियन कोबरा (नाग) घर के अंदर घुस आया। चूहों का शिकार करने के बाद वह घर के एक कोने में छिपकर बैठ गया।
घर की महिला ने सफाई के दौरान जैसे ही सांप को देखा, तब परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। इस दौरान महिला बाल-बाल बच गई। इसके बाद स्वजनों ने तत्काल सर्प विशेषज्ञ अभय चौरे को सूचना दी।
टीम ने किया सफल रेस्क्यू
वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देश एवं सर्प विशेषज्ञ अभिजीत यादव के मार्गदर्शन में सर्प मित्र अभय चौरे, मोहित मेहरा, सूरज अहिरवार और अंकित साहू मौके पर पहुंचे।
करीब 5 फीट लंबे इस इंडियन कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया गया। सर्प मित्रों ने बताया कि इंडियन कोबरा अत्यंत विषैला सर्प है, जिसका न्यूरोटॉक्सिक विष मानव के तंत्रिका तंत्र पर प्रभाव डालता है।
घबराएं नहीं विभाग को सूचित करें
ऐसे सांप से दूरी बनाए रखें और स्वयं उसे पकड़ने का प्रयास न करें। रेस्क्यू के बाद सर्प को वन विभाग के निर्देश पर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। सर्प विशेषज्ञ अभिजीत यादव ने बताया कि घर या आसपास कोई सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं, न ही उसे मारने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें।