पर्यटकों के लिए खुशखबरी: MP में तवा बांध की लहरों पर फिर चलेगा क्रूज और मोटरबोट, 2 महीने बाद फिर शुरू हुईं जलक्रीड़ा इकाइयां
बरगी जलाशय हादसे के बाद बंद किए गए तवा बोट क्लब में क्रूज, जलपरी और मोटरबोट सेवाएं सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद दोबारा शुरू कर दी गई हैं।
Publish Date: Sun, 12 Jul 2026 04:20:45 PM (IST)Updated Date: Sun, 12 Jul 2026 04:27:29 PM (IST)
तवा डैम के बैकवॉटर में अब पर्यटक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच क्रूज और बोटिंग का आनंद ले सकेंगे। नईदुनिया।HighLights
- बरगी जलाशय हादसे के बाद बंद किए गए तवा बोट क्लब में क्रूज
- जलपरी और मोटरबोट सेवाएं सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद दोबारा शुरू
- गोवा स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वॉटर स्पोर्ट्स टीम ने किया निरीक्षण
नईदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी । पर्यटन स्थल तवानगर में मप्र पर्यटन निगम द्वारा संचालित क्रूज, जलपरी एवं मोटरबोट को दो माह बाद शनिवार से चालू कर दिया गया है। जबलपुर के बरगी जलाशय में एक मई को हुए क्रूज हादसे के बाद पूरे प्रदेश में संचालित जल क्रीड़ा इकाइयों को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया था।
क्रूज हादसे के बाद एहतियात के तौर पर तवा डैम के बैकवॉटर में बोटिंग संचालन पर लगाई गई रोक अब हटा दी गई है।
व्यापक सुरक्षा जांच और सभी मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित होने के बाद पर्यटकों के लिए तवा बोट क्लब को फिर शुरू कर दिया गया है।
एनआईडब्लूएस की विशेषज्ञ टीम ने किया निरीक्षण
देश में बोटिंग संचालन के लिए लाइसेंस जारी करने एवं जल क्रीड़ा से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण करने वाली प्रमुख संस्था पिछले दिनों गोवा स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वॉटर स्पोर्ट्स (एनआईडब्लूएस) की विशेषज्ञ टीम ने तवा रिसोर्ट का निरीक्षण किया था। टीम ने बोटिंग संचालन से संबंधित सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं, उपकरणों और संचालन प्रणाली का परीक्षण किया।
निरीक्षण में आवश्यक तकनीकी सुधारों के बाद बोटिंग संचालन को पूरी तरह सुरक्षित मानते हुए अनुमति प्रदान की गई।मध्य प्रदेश सरकार ने पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राज्य के सभी बोट क्लबों का निरीक्षण कराया था।
तवा बोट क्लब फिर से खोला
निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी तकनीकी कमियों को दूर करने के बाद सरकार ने बोट क्लबों को फिर संचालित करने की मंजूरी दी है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा संचालित तवानगर स्थित तवा बोट क्लब भी पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिया गया है।
पर्यटकों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। तवा रिसॉर्ट बोट क्लब में सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया है। पर्यटक पूर्ण सुरक्षा के साथ बोटिंग का अब आनंद ले सकेंगे। मानसून के दौरान तवा डैम का मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करती है। बोटिंग सेवा दोबारा शुरू होने से अब पर्यटक तवानगर के सुहावने मौसम और बैकवाटर की खूबसूरती का भरपूर आनंद उठा सकेंगे।- श्यामेंद्र अवस्थी, वरिष्ठ प्रबंधक, मप्र पर्यटन