नईदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी। घर के ऊपर झूल रहे बिजली तार के कारण ग्राम अमाडा (महेंद्रबाड़ी) निवासी एक गरीब आदिवासी परिवार का आशियाना खाक हो गया। खास बात यह है कि इस परिवार में 2 जुलाई को बेटी का विवाह होना था।
जिसकी तैयारी में परिवार राशन और सामग्री जुटा रहा था, वह भी आग की भेंट चढ़ गया।
आग की लपटों में खाक हुए सपने
परिवार ने बताया कि हादसे में घर में रखा अनाज, शादी का सामान, कृषि सामग्री और घरेलू उपयोग की वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं। पीड़ित परिवार की बेटी की शादी 2 जुलाई को होने वाली है, ऐसी हालत में पूरा परिवार सदमे में आ गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम अमांडा निवासी सुनील उईके पिता रामसिंह उईके के घर में रात करीब 8 बजे अचानक आग लग गई। घटना के समय परिवार के सदस्य खेत में काम करने गए हुए थे।
आग की सूचना मिलने पर जब वे वापस लौटे और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, तब तक आग पूरे घर को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
पीड़ित परिवार के अनुसार 2 जुलाई को उनकी बेटी की शादी है। विवाह के लिए जुटाया गया अधिकांश सामान आग में जल गया। आगजनी में गेहूं, मक्का, धान, मूंग सहित खाद्यान्न, यूरिया, डीएपी, खाद, कपड़े, खटिया, पाल, स्टार्टर, डोरी एवं अन्य घरेलू और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री नष्ट हो गई।
बिजली के झूलते तारों से हुआ हादसा
ग्रामीणों और परिवार का आरोप है कि घर के पास लंबे समय से बिजली के तार झूल रहे थे। इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायत भी की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग ने कार्रवाई की होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना पथरोटा से मौके पर टीम पहुंचीं पटवारी दीपक रघुवंशी, सचिव ज्योति चिमानिया, विनोद वारिवा, शंकर उईके, दीपक बावरिया, कोटवार रघुनाथ मेहरा मौके पर पहुंचे और नुकसान का सर्वे किया।
सहायता और मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने शासन और बिजली विभाग से मांग की है कि पीड़ित आदिवासी परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि बेटी का विवाह तय समय पर हो सके, साथ ही पूरा परिवार इस मुसीबत से बाहर आ सके।
ग्रामीणों का कहना है कि परिवार पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर है और इस हादसे ने उसकी सालों की मेहनत और जमा-पूंजी को एक झटके में खत्म कर दिया है। एसडीएम नीलेश शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार को जल्द मदद कराई जाएगी।