
नवदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी। आदिवासी विकासखंड केसला के ग्राम रतिबंदर स्थित प्राथमिक शाला में पदस्थ एक शिक्षक की शर्मनाक एवं घिनौनी करतूत सामने आई है। पालकों एवं ग्रामीणों का आरोप है कि गुरुवार को स्कूल में पदस्थ शिक्षक गोपाल गिरी गोस्वामी नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचे थे, उनसे ठीक से खड़े होते तक नहीं बन रहा था। नशे की हालत में उन्होंने बीड़ी न लाने पर एक बच्चे के साथ मारपीट की, वहीं कुछ बच्चियों ने अपने बयान में शिक्षक पर कथित तौर पर अश्लील हरकतें करने का आरोप भी लगाया है।
शिक्षक द्वारा हंगामा और बच्चों की पिटाई की सूचना पर ग्रामीण स्कूल पहुंचे, इसके बाद शिक्षक की हरकतों के वीडियो बनाकर आला अधिकारियों तक पहुंचा दिए। ग्रामीणों ने बताया कि बीड़ी लाने से मना करने पर गोस्वामी ने एक बच्चे को जूता फेंककर मारा। शिक्षक की घिनौनी हरकत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा, इसके बाद स्कूल में जमकर हंगामा हुआ।
शिक्षक गोपाल गिरी गोस्वामी पर कथित रूप से नशे की हालत में कक्षा में पहुंचने के बाद अभद्रता के आरोप लगे हैं। उसने एक छात्र को बुलाकर जूता फेंककर मारा। छात्र ने घर पहुंचकर पूरी घटना परिबाद को बताई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक नशे में इतना धुत था कि ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
इस दौरान किसी ने उसका वीडियो बनाकर संभागायुक्त और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और विकासखंड शिक्षा अधिकारी आशा मौर्य, बीआरसी रत्ना सोनिया सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक लंबे समय से शराब के नशे में स्कूल आता था और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करता था। गुरुवार को उसने एक छात्रा के साथ अश्लील हरकत की। जिला शिक्षा विभाग के निर्देश पर अधिकारियों ने केसला थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी राहुल रैकवार ने बताया कि शिक्षक गोपाल गिरी गोस्वामी के खिलाफ संबंधित धाराओं एवं बाल संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- तखतपुर: दो बच्चों का बाप निकला आशिक मिजाज आरक्षक; दुष्कर्म की सच्चाई खुली तो पीड़िता को दी धमकी, अब हुआ गिरफ्तार
सूत्रों के अनुसार शिक्षक के खिलाफ शराब पीकर स्कूल आने और बच्चों से अभद्र व्यवहार करने की शिकायतें पहले भी की जा चुकी थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उसके हौसले बढ़ गए थे। वीडियो सामने आने के बाद विभागीय कार्रवाई तेज हो गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई भी की जा सकती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शिक्षक को बर्खास्त नहीं किया गया तो वे मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे।
मामले में हमने पालकों और बच्चों के बयान दर्ज किए हैं। इसकी रिपोर्ट बनाकर कलेक्टर को भेजी जाएगी, जिसके बाद शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। केसला पुलिस भी मामला दर्ज कर चुकी है। बच्चों के साथ जो घटना हुई है, उसे वे समझते तक नहीं हैं, लेकिन बयान में आरोप की पुष्टि हुई है। आशा मौर्य, बीईओ विकासखंड केसला।