
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता कॉलोनी में जर्जर आवासों के ध्वस्तीकरण के बीच हाई कोर्ट ने एकमात्र शेष मकान के याचिकाकर्ता को सात दिन तक रेन बसेरा में रहने की अनुमति प्रदान की है। जस्टिस विशाल मिश्रा की एकलपीठ ने कलेक्टर द्वारा निर्धारित 1400 रुपये प्रतिमाह किराये के भुगतान के निर्देश के साथ याचिका का निराकरण कर दिया।
मामला जनता कॉलोनी निवासी मोहम्मद हाफिज खान के मकान नंबर 465 से जुड़ा है। याचिकाकर्ता ने हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम की ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग करते हुए याचिका दायर की थी। उसका कहना था कि वैकल्पिक आवास के लिए प्रस्तावित 1200 से 1500 रुपये मासिक किराया मौजूदा बाजार दरों के लिहाज से पर्याप्त नहीं है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में 10वीं की छात्रा से दरिंदगी, 50 रुपये देने के बहाने घर ले गया; बंधक बनाकर किया दुष्कर्म
साल 2016 में जारी हुए थे ध्वस्तीकरण के नोटिस
सुनवाई के दौरान हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम की ओर से बताया गया कि वर्ष 1986 में निर्मित आवास जर्जर हो चुके हैं और उनमें रहना लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा है। योजना के तहत 600 जनता क्वार्टर बनाए गए थे। इनमें 110 ही पात्र आवंटियों को आवंटित हो सके, जबकि शेष पर अतिक्रमण था।
यह भी पढ़ें- 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट में नहीं हुई सुनवाई; एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने उठाए सवाल
वर्ष 2016 से ध्वस्तीकरण के नोटिस जारी किए जा रहे थे। बुधवार को सुनवाई के दौरान शासन की ओर से बताया गया कि कुल 600 में से 599 मकान ध्वस्त किए जा चुके हैं। याचिकाकर्ता का मकान ही शेष बचा है। कलेक्टर ने उसके 167 वर्गफुट क्षेत्रफल वाले मकान के लिए 1400 रुपये प्रतिमाह किराया निर्धारित किया है।
एकलपीठ ने याचिकाकर्ता को सात दिन तक रेन बसेरा में रहने की अनुमति देते हुए किराये के भुगतान के निर्देश दिए और याचिका का निराकरण कर दिया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर होकर चलेगी सुबेदारगंज-बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन, सतना और कटनी स्टेशन पर होगा ठहराव