
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विभागों में शिक्षकों और कर्मचारियों की लापरवाही अब भारी पड़ेगी। कुलगुरु के औचक निरीक्षण में विभागों में कर्मचारी गैरहाजिर मिले जिसके बाद कुलगुरु ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्णय लिया है।
दरअसल कुलगुरु प्रो. राजेश वर्मा को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विभाग बंद रहते हैं और नियमित कक्षाएं प्रभावित होती हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पिछले दिन छापामार निरीक्षण किया। एमसीए विभाग पहुंचने पर मुख्य गेट पर ताला लटका मिला।
विभागाध्यक्ष, अतिथि विद्वान और चपरासी तक मौजूद नहीं थे। सतीश सर्वटे, विनय, संध्या श्रीवास्तव सहित अतिथि विद्वान नहीं थे। चौकीदार ने गेट पर ही ताला लगा दिया था। कुलगुरु ने इसके बाद गणित विभाग का निरीक्षण किया गया, जहां भी स्टाफ गैरहाजिर मिला।
अनाती राव, इंद्रदत्त उमरलिया, जावेद शरीफ, धनेंद्र राव अनुपस्थित थे। जांच में यह बात भी सामने आई कि कर्मचारी स्टाफ शनिवार को आते ही नहीं हैं। कुलगुरु प्रो. राजेश वर्मा ने कहा कि शैक्षणिक विभागों में नियमित कक्षाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
औचक निरीक्षण में जो स्थिति सामने आई है ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में संबंधित विभागाध्यक्षों से भी जानकारी मांगी गई है।