
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। फर्जी पहचान और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए बैंक से 90 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराकर 75 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। आरोपितों ने एक 63 वर्षीय बुजुर्ग को बिना जानकारी दिए ऋण का गारंटर बना दिया।
इतना ही नहीं, आधार कार्ड और पैन कार्ड में नाम व फोटो की हेराफेरी कर दूसरे व्यक्तियों की पहचान का इस्तेमाल किया। शिकायत और बैंक से मिले दस्तावेजों की जांच के बाद गोरखपुर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक साजिश सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
मामले की शिकायत नालबंद मोहल्ला नया पुल निवासी दिलदार हुसैन (63) ने की है। उनके मुताबिक बैंक आफ इंडिया की नर्मदा रोड शाखा से गत वर्ष 30 दिसंबर को सूचना पत्र और इस वर्ष दो जनवरी को कानूनी नोटिस मिला।
इसमें उन्हें मेसर्स एबीएस काम नामक पार्टनरशिप फर्म को दिए गए 90 लाख रुपये के ऋण में गारंटर बताया गया था। फर्म के साझेदार के रूप में आनंद नगर निवासी बाबी खान और वकील खान का नाम दर्ज था। दिलदार का कहना है कि वे न तो इन लोगों को जानते हैं और न ही उन्होंने कभी किसी ऋण की गारंटी दी। उन्होंने बैंक में अपनी संपत्ति के दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड या आयकर रिटर्न भी जमा नहीं किए थे।
यह भी पढ़ें- एमपी के सुदूर गांवों में दूर होगी परिवहन की समस्या, आदिवासी अंचलों में चलेगी 'मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा'
दूसरे की फोटो लगाकर कराया ऋण
प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी का एक और पहलू सामने आया। गत वर्ष 23 दिसंबर को बैंक कर्मचारी पनागर के ग्राम खैरी स्थित एक गोदाम पहुंचे थे। यह भूखंड दिलदार हुसैन ने वर्ष 2024 में फूटाताल निवासी मोनिका ताम्रकार को रजिस्ट्री के जरिए बेच दिया था।
बैंक कर्मचारियों ने गोदाम पर 70 लाख रुपये का ऋण होने की जानकारी दी और साक्ष्य के रूप में वैल्यूएशन रिपोर्ट और ऋण लेने वाले की फोटो दिखाई। रिपोर्ट में दिलदार का नाम-पता था, लेकिन फोटो किसी अन्य व्यक्ति की थी। इसके बाद दिलदार ने पुलिस और संबंधित बैंकों में शिकायत की।
यह भी पढ़ें- छठ पूजा के बाद घर लौटने वालों को राहत, रेलवे ने स्पेशल ट्रेन का बढ़ाया एक-एक ट्रिप
पहचान बदलकर बैंक को लगाई चपत
पुलिस जांच में सामने आया कि अधारताल के न्यू आनंद नगर निवासी बाबी खान, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड के बड़ा मदार छल्ला निवासी जमील अली और मूलत: भोपाल के अशोका गार्डन निवासी मोहम्मद हबीब जो कि वर्तमान में चारखंभा बारातघर के पास रह रहा था, ने कथित तौर पर आपराधिक साजिश रचकर आधार और पैन कार्ड में नाम व फोटो की कूटरचना की।
जमील अली ने कथित वकील अहमद और मोहम्मद हबीब ने दिलदार हुसैन बनकर बैंक में पहचान प्रस्तुत की। इसके आधार पर 90 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया गया और 75 लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- छठ के बाद रक्सौल से एलटीटी के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, जबलपुर, कटनी और सतना में होगा ठहराव