

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। साइबर ठगों ने शहर में सुवक -युवतियों को अलग-अलग तरीके से निशाना बनाकर 68 हजार 489 रुपये की ठगी कर ली। अधारताल में युवक को ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 35 हजार रुपये ऐंठ लिए गए, जबकि कोतवाली क्षेत्र में एक युवक के बैंक खाते से 33 हजार 489 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधारताल पुलिस के अनुसार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी विकास धौलपुरिया (30) निजी नौकरी करते हैं। छह अगस्त की सुबह उनके वॉट्सएप ग्रुप में ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम से संबंधित जानकारी आई। विकास ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया।
बातचीत करने वालों ने एक ई-कॉमर्स कंपनी का स्क्रीनशॉट भेजकर पहले 100 रुपये जमा करने को कहा। विकास ने रकम भेज दी। इसके बाद उनसे 500 रुपये जमा करने के लिए कहा गया। धीरे-धीरे अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे और रकम मांगी जाने लगी।
वर्क फ्रॉम होम से कमाई होने की उम्मीद में विकास उनके झांसे में आ गए और कुल 35 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत की।
इधर कोतवाली पुलिस के अनुसार दीक्षितपुरा निवासी करन कुमार जैन (34) के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 33 हजार 489 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर करन ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर रकम जिन खातों में गई है, उनकी जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें- हत्या के समय अस्पताल में भर्ती था बेटा, फिर भी दस साल जेल में रहा, कोर्ट ने पिता-पुत्र को किया दोषमुक्त