
नईदुनिया प्रतिनिध, जबलपुर। परिवहन विभाग की ओर से बस किराए में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी होने के बाद शुक्रवार को पहले दिन किराए को लेकर बस चालक, परिचालक और यात्रियों के बीच तकरार होती रही। मंडला, डिंडौरी, कटनी, दमोह सहित अन्य रूट पर चलने वाली बसों में कुछ ने बढ़ा किराया वसूला तो कुछ ने रविवार बढ़ा हुआ किराया लेने की जानकारी यात्रियों को देते रहे।
मंडला जाने वाली बसों के चालक ने पूछने पर बताया कि बस का किराया 150 से बढ़कर 200 रुपये हो गया है। यात्रियों को आज सिर्फ समझाइश दी गई है रविवार से पूरा किराया वसूला जाएगा।
बस ऑपरेटर एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि अधिसूचना जारी होने के बाद अधिकांश बस आपरेटर पुराना किराया ही ले रहे हैं। सोमवार से बढ़ा हुआ किराया लिया जाएगा। उसके पहले यात्रियों को बढ़े किराये के संबंध में अगवत कराया जा रहा है।
विदित हो कि बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने सभी रूटों की दूरी के आधार पर किराया सूची तैयार कर ली गई है। नई व्यवस्था के तहत सामान्य बसों में पहले पांच किलोमीटर तक का न्यूनतम किराया सात रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया गया है। वहीं इसके बाद प्रति किलोमीटर किराया 1.25 रुपये के स्थान पर दो रुपये होगा। डीलक्स, एसी और अन्य लग्जरी बसों के लिए अलग किराया निर्धारित किया गया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में संस्कार कांवड़ यात्रा के चलते 10 अगस्त को स्कूलों में अवकाश