
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली महाकोशल एक्सप्रेस के एसी-2 कोच में दो शराब के नशे में धुत यात्रियों ने जमकर उत्पात मचाया। इतना ही नहीं दोनों ने न केवल ट्रेन के नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि सहयात्रियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देकर पूरे कोच का माहौल भयपूर्ण बना दिया।
जबलपुर से रवाना हुई एक्सप्रेस में कटनी से सतना के बीच ट्रेन के सेकेंड एसी कोच में यात्रा कर रहे यात्रियों के मुताबिक, स्थिति बिगड़ने पर एक महिला यात्री ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) से शिकायत की।
सूचना मिलने पर सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन यात्रियों का आरोप है कि उन्होंने दोनों यात्रियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
सुरक्षा कर्मियों के लौटते ही दोनों और अधिक आक्रामक हो गए तथा शिकायत करने वाले यात्रियों को धमकाने लगे। इससे कोच में मौजूद यात्री पूरी यात्रा के दौरान असुरक्षा और दहशत के माहौल में सफर करने को मजबूर रहे।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि यदि मौके पर ही आरोपियों पर जुर्माना लगाया जाता।
उन्हें अगले स्टेशन पर ट्रेन से उतारा जाता या रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाती, तो स्थिति नियंत्रण में आ सकती थी। इधर रेलवे प्रशासन नेवीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जबलपुर रेल मंडल के अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि आरपीएफ ने तत्काल कार्रवाई करते यात्रियों के खिलाफ जुर्माना लगाया और सीट बदल दी।