

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। स्मार्ट मीटर वाले बिजली उपभोक्ताओं को अब बिल आने का इंतजार किए बिना अपनी बढ़ती खपत की जानकारी मिल सकेगी। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने स्मार्ट बिजली एप में नए नोटिफिकेशन और अलर्ट फीचर जोड़े हैं। इसमें दैनिक खपत निर्धारित सीमा, जैसे 100 यूनिट, के करीब पहुंचने या उसे पार करने पर उपभोक्ता को अलर्ट मिलेगा। इसके अलावा मौजूदा खपत के आधार पर महीने में कितनी यूनिट बिजली खर्च होने का अनुमान है, इसकी जानकारी भी एप पर मिलेगी।
स्मार्ट मीटर से मिलने वाली खपत संबंधी जानकारी को अब बिल में भी अधिक स्पष्ट तरीके से दिखाया जा रहा है। वर्तमान में जारी किए जा रहे बिजली बिल में खपत का ग्राफ दिया जा रहा है, जिससे उपभोक्ता पिछले और वर्तमान उपयोग की तुलना कर सके। इससे यह समझना आसान होगा कि किस अवधि में बिजली की खपत बढ़ी है।
एप में सब्सिडी कंजम्पशन लिमिट अलर्ट भी जोड़ा गया है। निर्धारित खपत सीमा पार होने की स्थिति में उपभोक्ता को सब्सिडी पात्रता प्रभावित होने की जानकारी दी जाएगी। इससे उपभोक्ता समय रहते गैरजरूरी बिजली उपकरणों के उपयोग को नियंत्रित कर सकेगा।
स्मार्ट बिजली एप पर उपभोक्ता अपने मीटर की कनेक्टेड स्थिति और वर्तमान मीटर रीडिंग देख सकेंगे। खपत संबंधी अलर्ट में दिनांक और समय भी प्रदर्शित होगा। यानी उपभोक्ता को केवल महीने के अंत में कुल यूनिट की जानकारी नहीं मिलेगी, बल्कि खपत के पैटर्न पर भी नजर रखी जा सकेगी।
बिजली बिल में खपत का ग्राफ दिए जाने का उद्देश्य उपभोक्ता को केवल भुगतान राशि बताना नहीं, बल्कि बिजली उपयोग का पैटर्न समझाना है। यदि किसी महीने अचानक खपत बढ़ती है तो ग्राफ के माध्यम से इसकी तुलना पिछले उपयोग से की जा सकती है। ऐसे में अधिक क्षमता वाले उपकरण, कूलर, एसी, गीजर या अन्य विद्युत उपकरणों के उपयोग की समीक्षा कर खपत नियंत्रित की जा सकती है।
मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का स्मार्ट बिजली एप बिल भुगतान, शिकायत दर्ज कराने और अन्य उपभोक्ता सेवाओं के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है। कंपनी का कहना है कि नए अलर्ट और बिल में खपत के ग्राफ से स्मार्ट मीटर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के साथ उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- बिजली कर्मियों से मारपीट करने वाले चार आरोपित गिरफ्तार, जबलपुर में पैदल जुलूस निकालकर भेजा जेल