जबलपुर में निगमायुक्त के मोबाइल से ही कर्मचारी ने बुजुर्ग को दी धमकी, 'शिकायत क्यों की' सुनते ही भड़के कमिश्नर
गोविंद वल्लभ पंत वार्ड के मंसूराबाग क्षेत्र में रविवार सुबह अजीब घटना हुई। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार नागरिक सुविधाओं का जायजा लेने इस क्षेत्र ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 23 Feb 2026 08:45:15 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Feb 2026 08:45:15 AM (IST)
निगमायुक्त के मोबाइल से ही कर्मचारी ने बुजुर्ग को दी धमकीHighLights
- निगमायुक्त के मोबाइल से कर्मचारी ने बुजुर्ग को धमकाया
- पेयजल आपूर्ति में गंदे पानी और कम दबाव की शिकायत
- निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को मौके पर दिए निर्देश
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गोविंद वल्लभ पंत वार्ड के मंसूराबाग क्षेत्र में रविवार सुबह अजीब घटना हुई। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार नागरिक सुविधाओं का जायजा लेने इस क्षेत्र में पहुंचे थे। नागरिक लंबे समय से पेयजल आपूर्ति में समस्याओं को लेकर शिकायत कर रहे थे।
सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायतें की गई हैं। निगमायुक्त को अपने बीच पाकर नागरिक समस्याएं गिनाने लगे। बताया कि दो पाइपलाइन होने के बावजूद भरपूर मात्रा में पानी नहीं मिल पाता है। हर दिन एक समय गंदा पानी दोनों लाइनों से आता है।
बुजुर्ग को दी धमकी
निगमायुक्त ने नागरिकों से कहा कि जल आपूर्ति विभाग से शिकायत क्यों नहीं की। नागरिक बोले, कई बार शिकायत की, सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद निगमायुक्त ने जल आपूर्ति विभाग के संबंधित कर्मचारी को फोन लगाया। जिस स्थान पर वे मौजूद थे, वहां उसे बुलाने के लिए जगह की जानकारी देने हेतु एक बुजुर्ग को अपना मोबाइल थमा दिया। बुजुर्ग पता बताते, इससे पहले ही कर्मचारी झल्ला उठा। धमकी भरे लहजे में कहा कि मेरी शिकायत क्यों की। बुजुर्ग ने जवाब दिया कि आपकी शिकायत नहीं की बल्कि निगमायुक्त के कहने पर आपको जगह का पता बता रहा था। निगमायुक्त ने फोन वापस लिया और कर्मचारी को जमकर फटकार लगाई।
सकरी गलियों में घूमे निगमायुक्त
नगर निगम आयुक्त अहिरवार ने गोविंद वल्लभ पंत वार्ड का सघन दौरा किया। उन्होंने मुख्य मार्गों के अलावा वार्ड की उन तंग गलियों का भी बारीकी से निरीक्षण किया, जहां जल निकासी, साफ-सफाई, जलापूर्ति के साथ सीवर की चुनौतियां अधिक रहती हैं। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने नागरिकों से सीधे चर्चा की और उनसे दो मुख्य विषयों पर फीडबैक लिया। गलियों में कचरा संग्रहण और नालियों की सफाई की स्थिति, पेयजल आपूर्ति, पानी के दबाव और आपूर्ति के समय को लेकर आ रही समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को बुलाकर समाधान के निर्देश दिए।