
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। संस्कार कांवड़ यात्रा एवं गुप्तेश्वर शाही सवारी यात्रा के मद्देनजर जबलपुर शहर के स्कूलों में 10 अगस्त, सोमवार को विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
संस्कार कांवड़ यात्रा 10 अगस्त को सुबह 7 बजे ग्वारीघाट स्थित सिद्धघाट से प्रारंभ होगी। यात्रा रामपुर चौक, गोरखपुर, शास्त्री ब्रिज, मालवीय चौक, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, सराफा, लकड़गंज, बेलबाग, घमापुर, कांचघर, सतपुला, गोकलपुर, रांझी और खमरिया स्टेट होते हुए ग्राम मटामर स्थित कैलाशधाम भगवान नर्मदेश्वर भोलेनाथ मंदिर पहुंचेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार नगर पालिक निगम क्षेत्र में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय मान्यता प्राप्त, सीबीएसई एवं आईसीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों पर यह आदेश लागू रहेगा।
यात्रा के दौरान मार्ग में यातायात प्रभावित होने की संभावना और विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि अवकाश के कारण बाधित शैक्षणिक पाठ्यक्रम की पूर्ति अन्य कार्य दिवसों में अतिरिक्त कालखंड लगाकर की जाएगी। यह आदेश कलेक्टर जबलपुर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट ने 350 करोड़ के स्कूल ड्रेस टेंडर पर लगाई अंतरिम रोक, तब तक फाइनल नहीं होगा