
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर: विजयादशमी के बाद माता की प्रतिमा विसर्जन के दौरान मझौली क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। बुधवार देर रात मझौली के नीला तालाब के पास विसर्जन जुलूस के दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से अधिक लोग करंट लगने से झुलस गए।
विसर्जन में शामिल लोग माता रानी की प्रतिमा लेकर नीला तालाब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान प्रतिमा/डीजे या वाहन का कोई हिस्सा ऊपर से गुजर रही बड़ी लाइन से टकरा गया और करंट पूरे जुलूस में फैल गया। करंट की चपेट में आए लोगों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हादसे में 2 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि 8 से ज्यादा घायलों का इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और बिजली विभाग से लाइन की सुरक्षा को लेकर जवाब तलब किया गया है।
यह भी पढ़ें- आधुनिक खेती में पिछड़ रहा ग्वालियर-चंबल संभाग, पॉलीहाउस और मल्चिंग जैसी योजनाओं में छोटे जिले आगे