जबलपुर के रेस्टोरेंट में मामूली विवाद बना हत्या की वजह, वेटर ने सहकर्मी युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया
जबलपुर के महफिल बार एंड रेस्टोरेंट में मामूली विवाद के बाद वेटर ने सहकर्मी युवती पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर घायल युवती की अस्पताल में मौत हो गई।
Publish Date: Sun, 16 Aug 2026 08:11:32 AM (IST)Updated Date: Sun, 16 Aug 2026 08:11:32 AM (IST)
जबलपुर के रेस्टोरेंट में मामूली विवाद बना हत्या की वजह। (फाइल फोटो)HighLights
- रेस्टोरेंट के किचन में युवती खाना बनाने का काम करती थी।
- कहासुनी के बाद वेटर ने चाकू से हमला किया।
- अन्य कर्मचारियों ने आरोपित को मौके पर पकड़ लिया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। दीनदयाल चौक के पास स्थित महफिल बार एंड रेस्टोरेंट में शुक्रवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां कार्यरत एक वेटर ने मामूली विवाद के बाद अपनी सहकर्मी युवती की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद रेस्टोरेंट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
रेस्टोरेंट के किचन में काम करती थी युवती
दीनदयाल चौक के समीप मोहनीश कुमार का 'महफिल बार एंड रेस्टोरेंट' संचालित होता है। रेस्टोरेंट के किचन में पाटन उड़ना निवासी मुस्कान चौधरी (20) खाना बनाने का काम करती थी। वहीं, बरगी खिरहनी निवासी पवन बर्मन वेटर के रूप में पदस्थ था।
कहासुनी के बाद चाकू से ताबड़तोड़ हमला
शुक्रवार शाम मुस्कान किचन में अपने काम में व्यस्त थी, तभी पवन बर्मन वहां पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आपा खो चुके पवन बर्मन ने किचन में रखा धारदार चाकू उठाकर मुस्कान पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
कर्मचारियों ने आरोपित को दबोचा, पुलिस ने दर्ज किया मामला
- चीख-पुकार सुनकर पहुंचे अन्य कर्मचारियों ने आरोपित पवन बर्मन को मौके पर ही दबोच लिया और तत्काल गोहलपुर पुलिस को सूचना दी। अत्यधिक खून बह जाने के कारण गंभीर रूप से घायल मुस्कान को तुरंत पास के निजी अस्पताल ले जाया गया।