जबलपुर के ‘रॉकिंग गोली’ की 'चाय की टपरी' वाले गाने ने बदली किस्मत, इंडियाज गॉट लेटेंट से बने स्टार
जबलपुर के बलराम विश्वकर्मा ‘रॉकिंग गोली’ का वीडियो वायरल होने के बाद किस्मत बदल गई। इंडियाज गॉट लेटेंट की परफॉर्मेंस से उन्हें बड़े इवेंट्स और फिल्मों...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 16 Aug 2026 09:27:56 AM (IST)Updated Date: Sun, 16 Aug 2026 09:27:56 AM (IST)
जबलपुर के ‘रॉकिंग गोली’ की 'चाय की टपरी' वाले गाने ने किस्मत बदली। (सोशल मीडिया)HighLights
- बलराम विश्वकर्मा ‘रॉकिंग गोली’ बनकर सोशल मीडिया पर छा गए।
- इंडियाज गॉट लेटेंट में उनकी परफॉर्मेंस वायरल हुई थी।
- 17 साल सेल्स नौकरी के बाद बदली उनकी किस्मत।
डिजिटल डेस्क। मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी बलराम विश्वकर्मा, जिन्हें सोशल मीडिया पर 'रॉकिंग गोली' (Rocking Goli) के नाम से जाना जाता है, रातों-रात इंटरनेट सेंसेशन बन गए हैं। कॉमेडी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' (India's Got Latent) के पहले एपिसोड में उनके एक परफॉर्मेंस ने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी है।
इस शो में उनके जबलपुर वाले गाने पर समय रैना, आलिया भट्ट और आशीष सोलंकी जैसे सितारों ने भी जमकर ठुमके लगाए। कभी लोगों के ताने सहने वाले और सेल्समैन की नौकरी करने वाले बलराम को वायरल होने के बाद अब देशभर से बड़े शोज, इवेंट्स और फिल्मों के धड़ाधड़ ऑफर मिल रहे हैं। आइए जानते हैं कैसे एक वायरल क्लिप ने इस आम इंसान की किस्मत चमका दी।
चाय की टपरी के मजाक ने दिलाया बड़ा मंच
- सागर जिले के एक छोटे से गांव बमोरी से ताल्लुक रखने वाले बलराम 11 भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। वे अक्सर जबलपुर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक चाय की टपरी पर दोस्तों के साथ मजाक-मस्ती करते थे। उनके इसी मजाकिया अंदाज को देखकर कुछ युवाओं ने उन्हें 'इंडियाज गॉट लेटेंट' का फॉर्म भरने की सलाह दी।
- दोस्तों के प्रोत्साहन पर उन्होंने फॉर्म भरा और उनका चयन हो गया। शो में उन्होंने अपने दोस्त अजय द्वारा तैयार किया गया एक खास गाना पेश किया। मंच पर उनका अंदाज लोगों को इतना पसंद आया कि परफॉर्मेंस की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और वे रातों-रात स्टार बन गए।
पत्नी की खुशी के लिए सुने लोगों के ताने
- पिछले 17 सालों से सेल्स की नौकरी कर रहे बलराम की वीडियो बनाने की शुरुआत शोहरत के लिए नहीं हुई थी। शादी के 17 साल बाद भी जब उन्हें संतान सुख नहीं मिला, तो उन्होंने पत्नी का अकेलापन दूर करने और उन्हें तनावमुक्त रखने के लिए टिकटॉक पर वीडियो बनाना शुरू किया। उनकी पत्नी ही उनकी डायरेक्टर, कैमरामैन और मेकअप आर्टिस्ट हैं।
- बलराम मशहूर किरदार 'गुत्थी' की तरह लेडीज गेटअप में वीडियो बनाते थे, जिसके लिए उन्हें लोगों और परिवार के कड़वे शब्द भी सुनने पड़े। टिकटॉक बंद होने और इंस्टाग्राम अकाउंट बैन होने जैसी मुश्किलें भी आईं, लेकिन वे रुके नहीं। आज वही विरोधी उनकी सफलता पर गर्व कर रहे हैं।
वायरल होते ही बदली किस्मत
- वायरल होने के बाद बलराम की किस्मत ने जो यू-टर्न लिया है, वह किसी सपने से कम नहीं है। सोशल मीडिया से हुई पहली बड़ी कमाई से उन्होंने 'रॉयल एनफील्ड' बाइक खरीदी है और अब 2019 से किराए पर रह रहे बलराम खुद का घर बनाने की तैयारी में हैं।
- अब उन्हें देश भर से बड़े इवेंट्स के ऑफर आ रहे हैं। फिलहाल वे मशहूर डीजे चेतस के साथ 'ऑल इंडिया टूर' पर हैं। खबरों की मानें तो उन्हें साउथ की ब्लॉकबस्टर हॉरर फिल्म 'कांचना' में रोल मिल सकता है। इसके अलावा, भविष्य में वे टीवी के सबसे बड़े शोज 'द कपिल शर्मा शो' और 'बिग बॉस' का हिस्सा भी बन सकते हैं।
18 अगस्त को उनकी मुलाकात रेसलर द ग्रेट खली से भी होने जा रही है। एक आम आदमी से सेलिब्रिटी बनने का उनका यह सफर साबित करता है कि किस्मत बदलते देर नहीं लगती।