
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। अमेच्योर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन आफ जबलपुर जिला द्वारा आयोजित बैंच प्रेस प्रतियोगिता का आयोजन पीएसएम हाल किया गया। राइट टाउन स्टेडियम जिम के मास्टर वर्ग में अतुल पांडे ने स्वर्ण पदक जीता।
इस तरह आशीष राय स्वर्ण पदक, अमित तिवारी स्वर्ण पदक प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि में अमेच्योर पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के महासचिव प्रकाश यादव, सचिव प्रदीप पटेल व उपाध्यक्ष विजय रजक ने हर्ष व्यक्त किया है।
मप्र राज्य शूटिंग अकादमी में आयोजित 24वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल निशानेबाजी स्पर्धा के राइफल इवेंट में मप्र राज्य अकादमी के खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन किया है। अकादमी के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने एक रजत व एक कांस्य, कुशाग्र सिंह ने स्वर्ण तथा हेमंत वर्मन ने कांस्य पदक जीते।
मप्र राज्य शूटिंग अकादमी में 10 मीटर एयर राइफल सीनियर पुुरुष वर्ग में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने कांस्य पदक जीता। ऐश्वर्य ने फाइनल में 230.4 अंक प्राप्त किए। इस स्पर्धा में महाराष्ट्र के रुद्रांक्ष पाटिल ने स्वर्ण तथा दिल्ली के पार्थ मखीजा ने रजत पदक प्राप्त किया।
राइफल प्रोन सीनियर वर्ग में रजत : 50 मीटर राइफल प्रोन सीनियर मेन टीम स्पर्धा में मध्य प्रदेश को रजत पदक। मध्य प्रदेश टीम में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, गोल्डी गुर्जर एवं सामी उल्लाह शामिल थे, तीनों ने 1851.4 अंक अर्जित किए।
इस स्पर्धा में नेवी टीम ने स्वर्ण तथा महाराष्ट्र की टीम ने कांस्य पदक अर्जित किया। 50 मीटर राइफल प्रोन यूथ पुरुष वर्ग में मध्यप्रदेश अकादमी के खिलाड़ी हेमंत बर्मन ने 615.1 अंक अर्जित कर कांस्य पदक प्राप्त किया। प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के वेदांत वाघमारे ने स्वर्ण एवं छत्तीसगढ़ के कुंवर कार्तिक सिंह देव ने रजत पदक अर्जित किया।
डेफ पुरुष वर्ग में कुशाग्र सिंह राजावत ने 50 मीटर राइफल प्रोन डेफ स्पर्धा में 610.9 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। इस वर्ग में उत्तरप्रदेश के भूपेन्द्र प्रताप सिंह को रजत तथा हरियाणा के अरुण पांचाल को कांस्य पदक जीता। उल्लेखनीय है कि यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 15 मई तक आयोजित होगी। इसमें 10 मीटर एयर राइफल महिला, 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन महिला एवं 50 मीटर राइफल प्रोन महिला स्पर्धाओं का आयोजन होना है।