
सुरेन्द्र दुबे, नईदुनिया, जबलपुर। बरगी डेम क्रूज हादसे की जांच के लिए हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति संजय द्विवेदी की अध्यक्षता में गठित एकल जांच आयोग 26 मई से कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर-43 में कामकाज शुरू कर देगा। आयोग की सेवा-शर्तों को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने फाइल अग्रेषित कर दी है।
उल्लेखनीय है कि नईदुनिया ने 18 मई को इस मुद्दे को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। जिसमें एक पखवाड़े से अधिक समय बीतने के बावजूद बरगी डेम क्रूज हादसे की उच्च स्तरीय जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग की सेवा-शर्त नदारद होने को लेकर चिंता जताई थी।
सवाल खड़ा किया था कि एकल जांच आयोग के अध्यक्ष हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति संजय द्विवेदी को तीन माह की नियत समय-सीमा के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सरकार को सौंपनी है, लेकिन आलम यह है कि अभी तक आयोग हरकत में नहीं आ पाया है। आयोग के कार्यालय, संसाधन व कार्मिक व्यवस्था आदि का अता-पता नहीं है।
उक्त खबर का यह असर रहा कि आनन-फानन में एकल जांच आयोग के लिए कलेक्ट्रेट में कमरा आवंटित करने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई। इसी के साथ यह उम्मीद जाग गई है कि दिल दहला देने वाले बरगी डेम क्रूज हादसे की उच्च स्तरीय जांच उपरांत तीन माह के भीतर रिपोर्ट सौंपने की प्रक्रिया पूर्ण होगी।
उल्लेखनीय है कि मप्र शासन, सामान्य प्रशासन विभाग ने हादसे के दसवें दिन 10 मई को एकल जांच आयोग गठन की अधिसूचना जारी की थी। राज्यपाल के आदेशानुसार अपर सचिव दिनेश कुमार मौर्य के हस्ताक्षर से अधिसूचना जारी की गई थी।
अधिसूचना में कहा गया था कि जबलपुर के बरगी बांध में क्रूज दुर्घटना के कारण जनहानि की दुर्भाग्यपूर्ण घटना की न्यायिक जांच हेतु राज्य शासन जांच आयोग अधिनियम, 1952 (1952 का 60) की धारा-तीन द्वारा प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग में लाते हुए, हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति श्री संजय द्विवेदी की अध्यक्षता में एकल सदस्य जांच आयोग, नियुक्त करता है।
मुझे प्रशासन की ओर से बुधवार को कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 43 के आवंटन की सूचना प्राप्त हुई है। अधिकारियों ने मुझसे संपर्क साधकर यह जानकारी दी है। अतएव, सर्वप्रथम कमरे व वहां मुहैया सुविधाओं का मुआयना करूंगा। इसके बाद हर हाल में 26 मई से एकल जांच आयोग के कामकाज को गति दे दूंगा। आशा है कि शीघ्र ही सामान्य प्रशासन विभाग सेवा शर्त नियत करने की अावश्यक प्रक्रिया भी पूर्ण कर लेगा। इससे जांच पूरी करने में कोई परेशानी नहीं आएगी।
-संजय द्विवेदी, अध्यक्ष, एकल जांच आयोग, बरगी डेम क्रूज हादसा
यह भी पढ़ें- Jabalpur Cruise Accident : आपात स्थिति से निपटने नहीं थे पर्याप्त संसाधन, बच्चों के लिए अलग से लाइफ जैकेट नहीं थी