
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रक्षाबंधन त्योहार के पहले बाजार में रौनक बढ़ गई है। बहनों ने अपने भाइयों के लिए खास राखियों की खरीदारी शुरू कर दी है। इस बार बाजार में रुद्राक्ष, वुडन, स्टोन, पर्ल और अमेरिकन डायमंड वाली राखियों की भरमार है। वहीं भाई को बुरी नजर से बचाने के लिए ईवल आइज वाली राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं।
रक्षाबंधन पर्व के लिए दुकानों पर एक से बढ़कर एक डिजाइनर राखियां उपलब्ध हैं। इस बार ईवल आइज राखी का खास ट्रेंड देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि यह राखी भाई को बुरी नजर से बचाती है। इसमें डार्क और लाइट ब्लू धागों का आकर्षक कांबिनेशन देखने को मिल रहा है, जो युवाओं को काफी पसंद आ रहा है। दुकानदारों के अनुसार इस बार रक्षाबंधन की शापिंग पहले ही शुरू हो गई है।
शिव भक्त भाइयों के लिए रुद्राक्ष माला वाली राखियां खास आकर्षण बनी हुई हैं। इनमें महादेव लिखी डिजाइन के साथ डमरू और त्रिशूल का उपयोग किया गया है। मोरपंख और धार्मिक प्रतीकों वाली राखियाँ भी बाजार में उपलब्ध हैं, जिन्हें बहनें अपने भाई की आस्था के अनुसार चुन रही हैं।
कस्टमाइज्ड राखियों का चलन तेजी से बढ़ रहा है। रेजिन आर्ट के जरिए भाई की तस्वीर, भाई-बहन की साथ में फोटो, नाम या निकनेम राखी पर लिखवाया जा रहा है। कई बहनों ने बताया कि वे इस बार कुछ यूनिक और पर्सनलाइज्ड राखी देना चाहती हैं, ताकि यह यादगार बन सके।
रबड़ और सिल्वर डिजाइन वाली राखियां भी बाजार में आकर्षण का केंद्र हैं, जिन पर ओम और श्री जैसे धार्मिक शब्द लिखे गए हैं। इसके अलावा बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। रक्षाबंधन के लिए स्पेशल थालियां भी बाजार में आई हैं, जिनमें कुमकुम और चावल रखने की अलग व्यवस्था की गई है।
इस बार भाई-भाभी के लिए काम्बो राखियों की भी अच्छी डिमांड है। एक जैसी डिजाइन और रंगों में तैयार ये राखियां पोस्ट करने के लिए भी सुविधाजनक हैं। इसके साथ छोटी पैकिंग में कुमकुम और चावल भी दिए जा रहे हैं, जिससे यह गिफ्ट और भी खास बन जाता है।
बहनें इस बार ऐसी राखियां भी चुन रही हैं जिनमें भगवान शिव, श्रीकृष्ण, गणेशजी, मोरपंख और अन्य धार्मिक प्रतीक बने हों। लाल धागे में श्रीकृष्ण वाली राखी और राधा-कृष्ण डिजाइन वाली राखियां भी काफी पसंद की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में रेल फाटक पर फंसा मिनी ट्रक, थमा रेल यातायात; कुछ ट्रेनें हुईं लेट