जबलपुर में शराब की दुकान पर महिलाओं-बच्चों का हमला, लाठियों से की तोड़फोड़; शॉप बंद कराने की उठाई मांग
जबलपुर के गोसलपुर थाना क्षेत्र स्थित बरनू तिराहा शराब दुकान पर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ और पथराव किया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 17 May 2026 08:52:00 AM (IST)Updated Date: Sun, 17 May 2026 08:52:00 AM (IST)
शराब दुकान पर ग्रामीणों का हंगामा, महिलाओं-बच्चों ने की तोड़फोड़ (AI Generated Image)HighLights
- महिलाओं और बच्चों ने किया प्रदर्शन
- दुकान में घुसकर बोतलें फोड़ी गईं
- लंबे समय से चल रहा था विरोध
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र के बरनू तिराहा स्थित शराब दुकान पर शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने दुकान को घेर लिया और लाठी-डंडों से तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान पथराव होने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लंबे समय से चल रहा था विरोध
ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकान खुलने के बाद क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। गांव के लोगों ने कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से दुकान बंद कराने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते शुक्रवार को ग्रामीण प्रदर्शन करने पहुंच गए।
दुकान में घुसकर फोड़ी शराब की बोतलें
जानकारी के अनुसार सपना यादव, नेहा यादव, आशा विश्वकर्मा समेत गांव की कई महिलाएं और बच्चे हाथों में लाठियां लेकर दुकान पहुंचे। देखते ही देखते भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। हंगामे के दौरान कुछ लोग दुकान के अंदर घुस गए और शराब की बोतलें तोड़ दीं।
पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर स्थिति नियंत्रित की। घटना के समय दुकान में कर्मचारी रविशंकर मिश्रा मौजूद था। कर्मचारी ने शराब और नकदी लूटने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने तीन नामजद महिलाओं सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।