
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर-कटनी रेलखंड पर गुरुवार दोपहर आधारताल-देवरी के बीच एक रेल फाटक पर मिनी ट्रक के अचानक फंस जाने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। ट्रक का एक्सल टूटने के कारण वह फाटक के बीचोंबीच अटक गया, जिससे सुरक्षा कारणों से रेल परिचालन तत्काल नियंत्रित करना पड़ा।
घटना समपार फाटक क्रमांक 323 पर हुई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब 20 मिनट के भीतर ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और लगभग 3:30 बजे फाटक से रेल संचालन बहाल कर दिया गया। रेलवे की त्वरित कार्रवाई से अनहोनी के हादसे को टाल दिया गया।
कटनी की ओर से जबलपुर आने वाली रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस कर्मभूमि एक्सप्रेस और पहले से विलंबित हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस, राजगीर-एलटीटी जनता एक्सप्रेस करीब दो-दो घंटे की देरी से जबलपुर पहुंचीं। पहले से लगभग एक घंटे विलंब से चल रही अंबिकापुर-जबलपुर इंटरसिटी भी करीब दो घंटे की देरी से अपने गंतव्य पहुंची।
कटनी-इटारसी मेमू भी लगभग दो घंटे विलंबित रही। वहीं कटनी की ओर जाने वाली जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस और रामेश्वरम-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुईं, हालांकि इन्हें जल्द ही आगे रवाना कर दिया गया।
सबसे अधिक असर कटनी से जबलपुर आने वाली ट्रेनों पर देखने को मिला, जिन्हें सुरक्षा कारणों से पूर्ववर्ती स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इसके चलते यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने और ट्रेन पकड़ने के लिए अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए समन्वित कार्रवाई के कारण कम समय में स्थिति सामान्य कर दी गई और रेल परिचालन सुरक्षित रूप से बहाल कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- चोरों पर जबलपुर पुलिस का शिकंजा, दो थाना क्षेत्रों की वारदातों का खुलासा; पांच आरोपित गिरफ्तार