
शनिवार शाम तक जल आपूर्ति बाधा दूर करने का नगर निगम प्रशासन ने दावा किया है। इस बीच टैंकरों के माध्यम से क्षेत्र में पानी पहुंचाया जाएगा।
क्षेत्रीय निवासी दीपक कुमार ने बताया कि पहले दिन तो पानी स्टोर कर लिया था, लिहाजा समस्या नहीं हुई। टैंकर नहीं पहुंचा तो आगे समस्या तय है। सुरेश ताम्रकार ने बताया कि निगम द्वारा पानी का टैंकर नहीं भेजा गया। वहीं पानी की अन्य टंकियों में भी लीकेज बने हुए हैं, जिन्हें सुधारने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है।
गौरीघाट क्षेत्र की पानी की टंकी में लीकेज लंबे समय से था, इस वजह से हर दिन बड़ी मात्रा में पानी की बर्बादी हो रही थी। सुधार कार्य के लिए टंकी को खाली करना पड़ा। नगर निगम के यंत्री राजेश खंपरिया ने बताया कि लीकेज सुधार के बाद कुछ समय उसे सुखाने में लगता है, इस वजह से टंकी भरना मुमकिन नहीं होगा। हालांकि शुक्रवार तक सुधार कार्य हो जाएगा।
शहर में वर्तमान में पानी की 63 टंकियां हैं, जिनसे करीब 75 प्रतिशत आबादी तक पानी पहुंचता है। पांच और टंकियों में लीकेज हो रहा है। गौरीघाट क्षेत्र की टंकी में सुधार के बाद विक्टोरिया टाउन हाल की पानी टंकी का लीकेज भी सुधार किया जाएगा।
यहां भी हर दिन बड़ी मात्रा में पानी नालियों में बह रहा है। टंकी से संबंधित आबादी को सूचना देने के बाद सुधार कार्य कराया जाएगा, ताकि नागरिकों को असुविधा से बचाया जा सके। अन्य टंकियों के भी रखरखाव पर निगम जोर दे रहा है।
बता दें कि नगर निगम जल विभाग ने ऐसी पानी की टंकियों को चिन्हित कर उसमें सुधार करवाने की प्रक्रिया की शुरू की है। यह काम अलग-अलग समय में होगा ताकि एक साथ क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बाधित न हो।
यह भी पढ़ें- नर्मदा में प्रतिदिन मिल रहा 98 करोड़ लीटर सीवेज का पानी, हाई कोर्ट ने जनहित याचिका पर मांगा जवाब
पानी की आपूर्ति शहर में कहीं भी बाधित नहीं हो रही है। गौरीघाट पानी टंकी में लंबे समय से लीकेज था, जिसमें सुधार किया जा रहा है। यह काम भी तेजी से हो रहा है ताकि क्षेत्र में समस्या न हो। टंकी में सुधार होने तक टैंकरों से क्षेत्र में पानी पहुंचाया जा रहा है।
-दामोदर सोनी, जल प्रभारी व एमआइसी सदस्य, नगर निगम