
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। अधारताल क्षेत्र में बीते 45 वर्षों से अपने परिवार के साथ रह रहीं अखतरी बी बुधवार को अपनी बहन के साथ तहसील कोर्ट पहुंचीं। उनके पास दस्तावेज के नाम पर सिर्फ पुराना वोटर मतदाता परिचय पत्र है, जो अब मान्य नहीं किया जा रहा। नायब तहसीलदार रत्नेश ठाबरे ने उन्हें बताया कि पहचान के लिए 12 में से कोई एक वैध दस्तावेज आवश्यक है।
अखतरी बी ने बताया कि तलाक के बाद वे मायके में रह रही हैं। परिवार में छह सदस्य हैं, लेकिन किसी का भी नाम एसआईआर में मैप नहीं हो सका है। उन्हें डर है कि यदि नाम मतदाता सूची से कट गया तो राशन भी बंद हो जाएगा, जिससे परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो जाएगा।

एक अन्य आवेदक अब्दुल रशीद का नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। वहीं, 1987 के पूर्व उनके स्वजनों का कोई रिकॉर्ड भी निर्वाचन नामावली में नहीं मिल पा रहा। उन्हें दो बार सुनवाई का अवसर दिया गया, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने के कारण उनका मामला भी अटका हुआ है।
ऐसे ही सैकड़ों आवेदक राजस्व कोर्ट के चक्कर काटते नजर आए। कोई आधार कार्ड लेकर पहुंचा तो कोई पुरानी वोटर आईडी, लेकिन ये दस्तावेज मान्य नहीं किए जा रहे। मांगे गए 12 दस्तावेजों में से एक भी अधिकांश लोगों के पास उपलब्ध नहीं है।
एसआईआर का कार्य अंतिम चरण में है, लेकिन अब भी हजारों प्रकरण लंबित हैं। 19 लाख मतदाताओं में से करीब 69,410 की मैपिंग नहीं हो सकी है। अब तक 52,938 मामलों की सुनवाई हो चुकी है, लेकिन करीब 20 हजार प्रकरणों में कोई डाटा उपलब्ध नहीं हो पाया है।
तीन जनवरी से शुरू हुई सुनवाई प्रक्रिया में अब तक 69,410 प्रकरण राजस्व कोर्ट के समक्ष आए हैं। तहसील समेत 24 स्थानों पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है। करीब 250 सदस्यीय अमला इस काम में लगा है। अब तक उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 12,099 मामलों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
| विवरण | संख्या |
|---|---|
| कुल विधानसभा क्षेत्र | 08 |
| मैपिंग के लिए कुल प्रकरण | 69,410 |
| अब तक हुई सुनवाई | 52,938 |
| मैपिंग पूरी किए गए प्रकरण | 33,081 |
| आवेदक सुनवाई में उपस्थित नहीं | 19,857 |
| जिन मामलों में कोई डाटा नहीं मिला | 20,000 |
| विधानसभा क्षेत्र | सुनवाई | निपटाए गए प्रकरण |
|---|---|---|
| उत्तर विधानसभा | 12,099 | 7,355 |
| पूर्व विधानसभा | 10,853 | 5,165 |
| कैंट विधानसभा | 9,104 | 6,757 |
| पाटन विधानसभा | 2,858 | 1,535 |
| बरगी विधानसभा | 3,658 | 2,339 |
| सिहोरा विधानसभा | 1,255 | 906 |
| पनागर विधानसभा | 7,244 | 4,921 |