
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दो दिवसीय जबलपुर प्रवास को लेकर सुरक्षा और प्रोटोकाल संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राष्ट्रपति के ठहरने, आवागमन और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
उनके भोजन की व्यवस्था भी विशेष रूप से की जा रही है। राष्ट्रपति के साथ तीन विशेष खानसामा भी जबलपुर पहुंचेंगे। ये खानसामा राष्ट्रपति के सुबह, दोपहर और रात्रि भोजन की व्यवस्था संभालेंगे।
राष्ट्रपति के भोजन की तैयारी से लेकर परोसने तक की पूरी जिम्मेदारी इन्हीं के पास रहेगी। विशेष बात यह है कि भोजन तैयार करने में उपयोग होने वाली अधिकांश आवश्यक सामग्री भी उनके साथ लाई जा रही है।
राष्ट्रपति के साथ उनकी पुत्री इतिश्री मुर्मु भी रहेंगी। उनके भोजन की व्यवस्था भी यही विशेष खानसामा करेंगे। राष्ट्रपति भवन की परंपरा और सुरक्षा मानकों के तहत भोजन तैयार करने की प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार होगी।
सूत्रों के मुताबिक जिला प्रशासन को अभी तक राष्ट्रपति के भोजन का विस्तृत मेन्यू प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली हैं।
यदि खानसामों को भोजन तैयार करने के दौरान किसी अतिरिक्त सामग्री या संसाधन की आवश्यकता होती है तो जिला प्रशासन द्वारा तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा।
राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर विशेष सावधानी बरती जाएगी। राष्ट्रपति भवन की टीम और स्थानीय प्रशासन के बीच लगातार समन्वय बना हुआ है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से जबलपुर में रहेंगी दो दिन, योग दिवस और दीक्षा समारोह में होंगी शामिल, बदला रहेगा शहर