
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर में मंगलवार को गदा यात्रा निकाली गई। तेलंगाना से आए हिंदूवादी, फायरब्रांड नेता टी राजा ने यात्रा से पहले धर्म सभा को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश सरकार के मुखिया सीएम डॉ. मोहन यादव का नाम लेते हुए कहा कि मतांतरण प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा है इसे रोको वरना भगवाधारी सरकार का फिर से जीतना मुश्किल होगा।
उन्होंने कहा कि अगर हमारे आदिवासी भाइयों, माताओं-बहनों का कोई मतांतरण करवाता है, तो उसे सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए। इसका प्रविधान भी है, लेकिन इसके बाद भी प्रदेश में अनेक हिंदुओं का मतांतरण किया जा रहा है।
टी राजा ने कहा कि जब हिंदू समाज के लोगों ने मिलकर भगवा सरकार को जिताया है, हर हिंदू की रक्षा करने का सरकार ने संकल्प लिया है और कानून बनाया है, फिर भी अगर इसे नहीं रोक पा रहे हैं, तो मुख्यमंत्री को सोचना होगा कि क्या ऐसे में भगवा सरकार बन पाएगी।
विधायक टी राजा ने हवाबाग स्थित चर्च में हिंदू सेवा परिषद के हंगामे की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मतांतरण रोकने पहुंचे परिषद के कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया गया। हिंदू सेवा परिषद जो काम कर रही है, वह भगवा सरकार को मजबूत बना रही है। जनप्रतिनिधियों को इस बारे में विचार करने की सलाह दी।
प्रदेश में बढ़ रहे मतांतरण और लव जिहाद जैसे मामलों को लेकर सीएम मोहन यादव से उत्तर प्रदेश वाला पैटर्न अपनाने का निवेदन किया। उन्होंने कहा कि यूपी में अगर कोई हमारी बहन-बेटी को आंख उठाकर भी देखता है, तो सख्त कार्रवाई होती है। वहां कार्यकर्ताओं को भी छूट दी जाती है। आज हम सबको मिलकर मोहन भैया ‘सीएम’ से निवेदन करना है कि हर बहन-बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
टी राजा ने कहा कि आज जो यह गदा यात्रा निकाली जा रही है, उसका सिर्फ एक उद्देश्य है कि हम सभी को हनुमानजी जैसा बनना चाहिए। जैसे उन्होंने घर में घुसकर मारने की परंपरा शुरू की थी। हम सबको मिलकर उसी राह पर चलना है। आने वाला समय युद्ध का होगा। अगर आज हमने युद्ध की तैयारी नहीं की तो आने वाले समय में हमारी पीढ़ी गुलाम हो जाएगी।
विधायक टी राजा ने ओवैसी ब्रदर्स पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि धंधा करने गए हैं। विपक्षी पार्टियों को ब्लैकमेल करते हैं कि चुनाव में उनके वोट काटेंगे, नहीं तो पैसे दो। छोटे और बड़े ओवैसी दोनों का एक ही काम है। देश में अगर मुसलमानों का सबसे बड़ा कोई दुश्मन है, तो वह ओवैसी हैं, न कि बीजेपी।
यह भी पढ़ें- भोपाल में युवा विधायकों को सीएम मोहन यादव की सलाह, स्वास्थ्य की चिंता जरूरी, बोले- मैं दो घंटे करता हूं व्यायाम
फायरब्रांड नेता टी राजा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बौखला गई हैं। पिछले चुनाव में भाजपा ने 77 सीटें जीती थीं और इस बार ममता की बड़ी हार होने वाली है। बंगाल में भी भगवा लहराएगा। एसआइआर को लेकर कहा कि इसका मतलब यह है कि जिसका वोट है,वही रहेगा। ममता बनर्जी ने बांग्लादेशियों को पनाह दे रखी है, जिनके नाम वोटर लिस्ट से कटेंगे और उन्हें वहां से जाना पड़ेगा।