नई दुनिया प्रतिनिधि कटनी। बहोरीबंद से कटनी आ रही एक यात्री बस शाम को बिलहरी चौकी अंतर्गत बरखेड़ा मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में बस में सवार 20 से अधिक लोगों को चोट आई है। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पर उनका इलाज जारी है। वहीं घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद लोगों की चीख पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। पुलिस को सूचना देते हुए ग्रामीणों ने घायलों को बस के कांच तोड़कर बाहर निकाला। इस बीच बिलहरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस 108 से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बस में सवार यात्रियों ने बताया कि बस चालक नशे में था और उसकी लापरवाही से हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- 'इसी खराब सड़क से जाइए', ग्रामीणों ने पत्थर रखकर रोका विधायक का रास्ता, सड़क की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
घायलों में सुक्कू बाई पति रमेश पटेल 60 साल निवासी बिलहरी, ईश्वरदीन पिता रामेश्वर 27 साल सतना, रामेश्वर पटेल पिता गया प्रसाद निवासी बरखेड़ा, संगीता लोधी पति नारायण 33 साल बडखेरा, राजेंद्र उपाध्याय पिता राम प्रताप 58 साल निवासी अंडिया पिपरिया, पतिया वंशकार पति पतेरे, 50 साल निवासी पहरुआ, कमलाबाई पति सुरेंद्र कोल 32 साल निवासी पहरुआ, जिगर वंशकार पिता सुरेश, 10 साल,निवासी बरखेड़ा, दीपांशु लोधी पिता नारायण 4 साल बडखेरा, सुरेश वंशकार पिता बाराती 34 साल निवासी बरखेड़ा, शिल्पा चौधरी पति संजू 26 साल निवासी पटोरिया, इमरत पिता दरबारी चौधरी बिलहरी, प्रीति चौधरी पति मंजू निवासी बिलहरी, सविता पति अंजू चौधरी 22 साल पटेरी, प्रियंका चौधरी पति शिवांग 24 साल पटेरी शामिल है।