12 करोड़ की चोरी में बदरुद्दीन ने खोले राज, गिरोह का सरगना है अब्जुल; पुलिस ने यूपी और झारखंड में डाला डेरा
कोलकाता से गिरफ्तार बदरुद्दीन खान से पुलिस पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक आभूषणों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 10:01:26 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 10:01:26 PM (IST)
कटनी के किसना ज्वेलर्स शोरूम में हुई थी चोरी, नईदुनियाHighLights
- कटनी के किसना ज्वेलर्स शोरूम में हुई थी चोरी
- 12 करोड़ की चोरी में बदरुद्दीन हुआ अरेस्ट
- अब्जुल की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। मध्य प्रदेश में कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित किसना ज्वेलर्स के शोरूम में बुधवार की रात हुई 12 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषणों की चोरी के मामले में कोलकाता से गिरफ्तार बदरुद्दीन खान से पुलिस पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक आभूषणों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।
पूछताछ में पता चला है कि गिरोह का सरगना झारखंड के साहिबगंज निवासी अब्जुल है। वह चोरी वाली रात ही ट्रेन से साथियों के साथ प्रयागराज पहुंचा था। पुलिस के अनुसार घटना में सात लोग शामिल रहे। आरोपितों ने घटना के बाद आटो पकड़ा और कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से दानापुर एक्सप्रेस में सवार होकर वह प्रयागराज पहुंचे।
स्टेशन पर उतरने के बाद सभी अलग-अलग दिशा में भागे थे। बदरुद्दीन मुंबई होते हुए शनिवार रात फ्लाइट से कोलकाता पहुंचा था। कुछ साक्ष्यों के सहारे पुलिस ने उसे चिह्नित किया। उसके कोलकाता एयर पोर्ट से बाहर निकलते ही पुलिस ने दबोच लिया। इस गिरोह ने झारखंड, मप्र के कटनी और दक्षिण के कई शहरों में भी इस तरह की चोरियां की हैं।
साहिबगंज के हैं छह आरोपी
बदरुद्दीन ने पुलिस को बताया कि गिरोह के सात में से छह सदस्य झारखंड के साहिबगंज के रहने वाले हैं। पुलिस की चार टीमें प्रयागराज, साहिबगंज क्षेत्र में लगातार बनी हुई हैं और बाकी आरोपितों की तलाश कर रही हैं। बंगाल में भी पुलिस टीमें निगाह रखे हुए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित से जो भी जानकारी मिल रही है, उसका सत्यापन कराया जा रहा है। बाकी आरोपितों की तलाश में अलग-अलग क्षेत्रों व शहरों में टीमें लगाई गई हैं।