

नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। विधायक संजय पाठक की फर्म से डेढ़ करोड़ रुपये की सायबर ठगी के मामले में रंगनाथनगर थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने नरसिंहपुर जिले के करेली से चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को एक दिन की रिमांड मिली है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त को हुई ठगी की राशि अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 4 लाख 20 हजार रुपये करेली निवासी अनुज कुर्मी के खाते में भेजे गए। इसके बाद अनुज ने यह राशि आर्यन, यशवंत और एक अन्य युवक के खातों में स्थानांतरित कर दी।
पुलिस ने बैंक खातों के लेनदेन और ट्रांजेक्शन की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपितो तक पहुंची और करेली में दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने अब तक 28 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज करा दिए हैं। मामले में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमें अंतरराज्यीय सायबर ठग गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में विभिन्न राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही गिरोह के अन्य मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है। मामले की जांच जारी है।