
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। उज्जैन महाकाल के दर्शन कर वापस उप्र लौट रहे पांच युवकों की कार कुठला थाना क्षेत्र के चाका बायपास ब्रिज के पास खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद एनएच पर भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची कुठला पुलिस ने मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया।
साथ ही स्वजनों को सूचना दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार उप्र के कानपुर उप्र में बैंक में पदस्थ अमित सिंह पिता महेश प्रताप सिंह, 35 साल निवासी बछरौली थाना हथगवां प्रतापगढ़ अपने साथी हरिवंश मणि त्रिपाठी पिता बैजनाथ त्रिपाठी, 38 साल, निवासी फरीदपुर, नवाब गंज, प्रयागराज उप्र, सूर्यांश सेंगर पिता राजेन्द्र सेंगर, 29 साल निवासी काकादेव कानपुर उप्र, प्रीतम शुक्ला पिता रामचरण शुक्ला, 33 साल निवासी सिलैर गोरखपुर, विवेक राजपूत, 40 वर्ष निवासी प्रयागराज उप्र के साथ कार क्रमांक यूपी 70, इएच 2790 से उज्जैन महाकाल के दर्शन करने गए थे।
पांचों साथी गुरूवार को दर्शन करने के बाद वापस कार से अपने घर लौट रहे थे। शाम को पांच बजे के लगभग जैसे ही उनकी कार कुठला थाना क्षेत्र के चाका बायपास में ओवर ब्रिज के पास पहुंची सड़क किनारे खड़े ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 5781 में पीछे से जा घुसी। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए और आगे का हिस्सा ट्रक के नीचे जा घुसा।
दुर्घटना में कार का आगे का हिस्सा ट्रक के नीचे जा घुसा था और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें स्टेरिंग के पास हरिवंश फंस गया और उसको निकालने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को जिला अस्पताल भेजने के साथ ही पुलिस ने कार के हिस्से को कटर के माध्यम से कटवाया और आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला जा सका। जिसके बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लिए हैं और उनको मरचुरी में रखवाया गया है।
दुर्घटना में दो युवकों की जहां मौत हो गई तो वहीं तीन को गंभीर चोट आने के कारण उनका नाम पते एकत्र करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। मोबाइलों में मिले नंबरों के आधार पर पुलिस देर शाम तक घायलों व मृतकों के संबंध में जानकारी एकत्र करती रही। साथ ही स्वजनों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद युवकों के स्वजन उप्र से रवाना हुए, जिनके सुबह तक कटनी पहुंचने की संभावना है और उनके आने के बाद मृतकों के शव का पीएम कराते हुए शव स्वजनों को सौंपे जाएंगे।
