शादी समारोह से लौट रहे परिवार की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, चार की मौत, एक घायल
कटनी के बड़वारा क्षेत्र में कार-डंपर भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई। एक घायल की हालत गंभीर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू की। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 30 Apr 2026 03:08:08 PM (IST)Updated Date: Thu, 30 Apr 2026 03:08:08 PM (IST)
भीषण सड़क हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- कटनी में कार और डंपर की सीधी टक्कर हुई
- हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई
- दो घायल अस्पताल पहुंचे, एक ने इलाज में दम तोड़ा
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं। ग्राम बसाडी के पास कार और डंपर की आमने-सामने टक्कर में पहले तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायलों में से एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं डंपर चालक घटना के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
आमने-सामने की टक्कर में मची तबाही
जानकारी के अनुसार नरसिंहपुर जिले के सगोरिया निवासी रघुवंशी परिवार के सदस्य एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बरही थाना क्षेत्र के पिपरिया कला खिरहनी गए थे। कार्यक्रम के बाद रात करीब दो बजे सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार बसाडी चौराहे के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
चार की मौत, एक की हालत गंभीर
इस दर्दनाक हादसे में अनिल रघुवंशी, राकेश रघुवंशी और अरुण रघुवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल अभिषेक और गजेंद्र को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान अभिषेक ने भी दम तोड़ दिया। गजेंद्र का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और परिजनों को सूचना दी गई। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।