नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। शहर में कुछ दिन की शांति के बाद एक बार फिर से चाकूबाजी की घटना सामने आई है। रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के भट्टा मोहल्ला में गणेश पंडाल के पास एक युवक को तीन युवकों ने चाकू से गोद दिया। स्वजन उसे अस्पताल लेकर आए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नही है।
जानकारी के अनुसार रंगनाथ नगर थाना के मदन मोहन चौबे वार्ड निवासी आदित्य मिश्रा पिता सूरज मिश्रा, 21 साल मुंबई में काम करता था और दो दिन पहले ही घर लौटा था। मंगलवार-बुधवार की रात दो बजे मोहल्ले में स्थानीय युवक गणेश प्रतिमा के लिए पंडाल सजा रहे थे। उसी दौरान गढ्ढा टोला निवासी विशेष वंशकार उसका भाई विवेक वंशकार और नितिन बर्मन आए।
यह भी पढ़ें- MP के छतरपुर में रेत माफिया ने माइनिंग टीम को घेरा... अधिकारी पर किया हमला, फिर ट्रैक्टर ले भागे
किसी बात को लेकर उन्होंने आदित्य से विवाद करना शुरू कर दिया। साथ ही चाकू व थर्माकोल काटने वाले कटर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवक की जांघ और पीठ की ओर कई वार किए। शोर मचने पर लोग दौड़े तो आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल आदित्य को स्वजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर आए, जहां पर उपचार के दौरान आधे घंटे बाद युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना पर रंगनाथ नगर थाना प्रभारी नवीन नामदेव बल के साथ पहुंचे और स्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। साथ ही हत्या का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रही है।