
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। शहर में पुलिस का खौफ कम होने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। आए दिन चाकूबाजी और फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। रविवार को एक बार फिर रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के मंगलनगर में मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना में एक युवक की जान चली गई। गंभीर रूप से घायल युवक को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे 25 वर्षीय कन्हैया गौड़ पिता लाल बहादुर गौड़ की पड़ोसी रमेश यादव से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शुरुआती विवाद कुछ ही मिनटों में बढ़ गया। इसी दौरान रमेश यादव का पुत्र रितेश यादव, जो कथित रूप से शराब के नशे में था, भी मौके पर पहुंच गया और कन्हैया के बड़े भाई से बहस करने लगा।
बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर किया हमला
स्वजनों के अनुसार, जब कन्हैया गौड़ बीच-बचाव करने पहुंचे, तभी रितेश यादव ने घर में रखा चाकू उठाकर उन पर हमला कर दिया। हमले में कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल कटनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रास्ते में हुई मौत
स्वजन एंबुलेंस से कन्हैया को जबलपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान स्लीमनाबाद के पास उनकी तबीयत बिगड़ गई और रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल कटनी लाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही रंगनाथ नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्वजनों और पड़ोसियों के बयान के आधार पर आरोपित रमेश यादव और उसके पुत्र रितेश यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू की है, हालांकि उनकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अधिकारियों का क्या कहना
रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरुणपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।