खंडवा में दुकान के पीछे बने अहाते पर चला बुलडोजर, शराब छोड़कर भागे नशेड़ी
जसवाड़ी रोड पर महादेवी नगर के सामने स्थित शराब दुकान के पीछे बने अहाते पर मंगलवार शाम को बुलडोजर चला। इस अहाते में लोगों को बैठाकर शराब पिलाई जा रही थी। जब सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर यहां अधिकारियों की टीम के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचे तो अहाते में बैठे नशेड़ी शराब छोड़कर भाग निकले। करीब आधे घंटे में पूरा अहाता तोड़ दिया गया।
Publish Date: Tue, 01 Sep 2026 08:33:00 PM (IST)Updated Date: Tue, 01 Sep 2026 08:33:00 PM (IST)
बुलडोजर से अहाता तोड़ा गया। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- शराब दुकान के पीछे बने अहाते पर मंगलवार शाम को बुलडोजर चला
- इस अहाते में लोगों को बैठाकर शराब पिलाई जा रही थी
- अहाते में बैठे नशेड़ी शराब छोड़कर भाग निकले
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा : जसवाड़ी रोड पर महादेवी नगर के सामने स्थित शराब दुकान के पीछे बने अहाते पर मंगलवार शाम को बुलडोजर चला। इस अहाते में लोगों को बैठाकर शराब पिलाई जा रही थी। जब सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर यहां अधिकारियों की टीम के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचे तो अहाते में बैठे नशेड़ी शराब छोड़कर भाग निकले। करीब आधे घंटे में पूरा अहाता तोड़ दिया गया।
शराब दुकानदारों में हड़कंप मच गया
अवैध रूप से अहाते बनाकर लोगों काे बैठाकर शराब पिलाने वाले शराब दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई की एक झलक मंगलवार शाम को महादेवी नगर के सामने स्थित शराब दुकान के अहाते पर देखने को मिली।
शराब दुकानदार की ऊंची पकड़ भी काम नहीं आई
यह अहाता रसूख के दम पर चल रहा था लेकिन कार्रवाई के दौरान शराब दुकानदार की ऊंची पकड़ भी काम नहीं आई। हालांकि बुलडोजर चलाए जाने से पहले सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर को मोबाइल पर लगातार काॅल आते रहे।
इसकी वीडियोग्राफी भी की है
एक कॉल अटैंड करने पर बहादुर ने कहा कि हमें ऑर्डर का पालन तो करना पड़ेगा। मौके पर मीडिया भी है।
ये अहाता चला रहे थे। इसकी वीडियोग्राफी भी की है। आप तो कलेक्टर साहब से बात कर लीजिए...। इतना कहकर सिटी मजिस्ट्रेट ने बुलडोजर चलाने के आदेश दे दिए।
अहाता ताश के पत्तों की तरह बिखर गया
फिर क्या था करीब 20 बाय 40 फीट के मैदान में टीनशेड से बने अहाते पर बुलडोजर का पंजा टूट पड़ा। देखते ही देखते अहाता ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। कार्रवाई से पहले इसी अहाते में लोग बैठकर शराब पी रहे थे। कार्रवाई को देखते हुए सभी नशेड़ी शराब पीना छोड़कर भाग खड़े हुए और कर्मचारी अहाते को तोड़ने में लग गए।