
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। हरसूद थाना क्षेत्र के आशापुर चौकी अंतर्गत जोगीबेड़ा के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार 50 वर्षीय विष्णु उर्फ भूरा की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए खंडवा रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हरसूद निवासी चार लोग नागलवाड़ी में दर्शन करने के बाद कार से वापस हरसूद लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे जोगीबेड़ा के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही आशापुर चौकी से हेड कांस्टेबल लोकेश हिरवे और डायल-112 के पायलट दीपेश यादव मौके पर पहुंचे। वहीं हरसूद थाने से हेड कांस्टेबल हरिप्रसाद और डायल-112 के पायलट सैयद अली भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और डायल-112 की टीम ने घायलों को तत्काल हरसूद अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने सिंगाजी कॉलोनी, हरसूद निवासी विष्णु उर्फ भूरा पिता गोविंद को मृत घोषित कर दिया। मृतक हरसूद के फीलगुड चौराहे पर चाय की दुकान संचालित करते थे।
हादसे में रितेश (28) पिता वीर सिंह, निवासी औलिया गोदाम के पास छनेरा, हरसूद, रोहित (35) पिता मुन्ना यादव, निवासी सिंगाजी कॉलोनी और सूरज सिंह (50) पिता हब्बू, निवासी हरसूद घायल हुए हैं। घायलों को सिर, हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें खंडवा रेफर किया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।