
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। राष्ट्रीय रोजगार गांरटी योजना (नरेगा) को बंद कर हर ग्रामीण मजदूर को रोजगार की गारंटी के साथ केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई वीबी-जीरामजी योजना और आजीविका मिशन के तहत गुरुवार को ग्राम बमनगांव आखई स्थित मांगलिक परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पहुंचे प्रदेश सरकार के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डा. विजय शाह ने कहा कि ग्रामीण मजदूरों को अब एक वर्ष में 100 दिन के स्थान पर 125 दिन रोजगार की गारंटी दी गई है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अब पहले से अधिक बजट उपलब्ध कराया जाएगा। यदि किसी मजदूर को काम मांगने पर रोजगार नहीं मिलेगा, तो उसे बेरोजगारी भत्ता भी देना पड़ेगा। इस प्रकार रोजगार का अधिकार अब वास्तव में कानूनी अधिकार बन गया है। पहले कई बार मजदूरी में देरी होने की शिकायत भी मिलती थी, अब प्रत्येक विलंबित दिनों का मुआवजा भी मजदूर को मजदूरी के साथ दिया जाएगा।
कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, खंडवा विधायक कंचन तनवे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, पंधाना विधायक छाया मोरे, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, खंडवा महापौर अमृता अमर यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर सहित प्रभारी जनपद पंचायत खंडवा सीईओ निकिता मंडलोई मौजूद थी। सभी ने कार्यक्रम के अंत में मांगलिक परिसर में एक पौधा भी रोपा।
संबोधन दौरान मंत्री शाह ने कहा कि पहले कच्चे मकान होते थे और जब वर्षाकाल आता था तो ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सभी कार्य छोड़ पलाश के पत्ते और घास खोजने निकलते थे। इन्हें कच्चे मकानों की छत पर बिछाना पड़ता था। बातें सुन मंच के पास बैठी वृद्धा की आंखे छलकी। मंजर देख मंत्री शाह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने नई-नई योजनाएं शुरू की। हर गरीब को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्की छत मिल गई। देश के करोड़ों घरों में स्वच्छ शौचालय बन गए।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना शुरू होने से गरीब महिलाओं को चूल्हा फूंकने से मुक्ति मिली है, क्योंकि उन्हें निःशुल्क गैस कनेक्शन मिल चुके हैं। मध्याह्न भोजन योजना, निःशुल्क गणवेश योजना, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण योजना, निःशुल्क साइकिल वितरण योजना जैसी योजनाओं से गरीब बच्चों की पढ़ाई आसान हुई। अब गरीबों के बच्चे भी सरकार की योजनाओं की मदद से उच्च शिक्षा के लिए विदेश जा सकते हैं। संबोधन के बाद मंत्री शाह ने मंच से नीचे उतरकर वृद्धाओं के हाथ अपने सिर पर रखवाते हुए आशीर्वाद लिया और मोदी सरकार के जयकारे लगवाए।
कार्यक्रम में पहुंचे सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि रोजगार गारंटी योजनाओं की जो कमियां थी, उन्हें सुधार कर वीबीजी राम जी योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत मजदूरों को पहले से अधिक मजदूरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि जो पक्के कार्य रोजगार गारंटी योजना में नहीं हो पाते थे, अब इस योजना में होंगे। भवन, पक्की सड़क, बाउंड्रीवाल निर्माण जैसे पक्के कार्य भी हो सकेंगे।
पहले मजदूरी के अभाव में ग्रामीणों को पलायन करना पड़ता था, लेकिन इस योजना के शुरू होने से ग्रामीणों को अब पलायन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पंधाना विधायक मोरे, मांधाता विधायक पटेल, खंडवा विधायक तनवे और जिलाध्यक्ष तोमर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में महापौर अमृता यादव, मुकेश तनवे ,जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर आदि मौजूद थे।