
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा : मंगलवार को किशोरकुमार का जन्मदिन हर साल की तरह अनूठे अंदाज में मना।इंदौर रोड स्थित उनके समाधि स्थल पर उनके प्रशंसकों का मेला सा लग गया।
किशोरकुमार के प्रति दीवानगी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 583 किमी दूर महाराष्ट्र के लातूर से किशोरकुमार के 35 प्रशंसकों का दल बस से खंडवा आ गया। यहां आकर सभी ने समाधि पर पुष्प अर्पित कर दूध जलेबी का भोग लगाया।
महाराष्ट्र के साथ ही गुजरात और मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों से आए संगीतप्रेमी समाधि स्थल पर पहुंचकर अभिभूत हो गए।समाधि पर शीश नवाने के बाद किसी ने सेल्फी ली तो कोई दूध जलेबी का भोग लगाकर अपने भाव प्रकट करता दिखाई दिया।
नगर निगम और किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच की ओर से किशोरकुमार की समाधि पर उनके जन्मोत्सव का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।समाधि को गेंदा और गुलाब के फूलों से सजाया गया। साथ ही रंग-बिरंगे गुबारों से समाधि स्थल को सजाया गया। सुबह से ही यहां शहर सहित दूर-दूर से किशोरप्रेमियों का आना शुरू हो गया था। देर शाम तक यहां किशोरप्रेमी आते रहे।
यहां लातूर से बस में सवार होकर करीब 35 किशोरप्रेमियों के दल के लिए किशोरकुमार का समाधि स्थल किसी तीर्थ से कम नहीं था। दल में शामिल सभी सदस्यों ने समाधि स्थल पर किशोरकुमार का जन्मदिन सेलीब्रेट किया। इस दौरान दल की रंजिता वाघमरे ने कहा कि मैं बचपन से किशोरकुमार के गीत गुनगुनाती रही हूं। करीब पांच साल से किशोरकुमार के प्रशंसकों का समूह लातूर से खंडवा आ रहा है।
मैं पहली बार अपने पति के साथ आई हूं और यहां का वातावरण देखकर अभिभूत हूं। गुजरात के राजकोट से गायक द्वारकादास ने कहा कि मैं किशोर कुमार के जन्मदिन और पुण्यतिथि पर हर साल आता हूं।यह किसी गायक की पहली ऐसी समाधि है जहां मेला सा लगता है।इसी तरह उज्जैन से आए राजू पंजाबी ने किशोर कुमार की समाधि पर दूध-जलेबी अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।उन्होंने कहा कि किशोरदा की समाधि पर हर वर्ष आते हैं।यहां आकर एक अलग ही सुकून मिलता है।
किशोरदा की समाधि पर हर आम और खास ने पहुंचकर पुष्प अर्पित किए।महापौर अमृता अमर यादव ने एमआइसी सदस्यों के साथ समाधि पर पुष्प अर्पित कर दूध-जलेबी का भोग लगाया तो वहीं विधायक कंचन तनवे ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।अधिकारियों में प्रभारी कलेक्टर नागार्जुन बी.गाैड़ा, एसपी अगम जैन, सीएसपी महेंद्र तारणेकर, निगमायुक्त प्रियंका राजावत सहित अन्य ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर दूध-जलेबी का भोग लगाया।
दोपहर करीब ढाई बजे किशोरदा की समाधि पर दर्शन करने पहुंचे गायक विनोदकुमार राठौर यहां आकर भावुक हो गए।उन्होंने कहा कि जहां किशोरदा जन्मे ऐसे खंडवा की धरती पर मैं बार-बार आना चाहूंगा।उन्होंने कहा कि चार अगस्त को मैं कोई भी कार्यक्रम नहीं लूंगा।इस तारीख को खंडवा के लिए ही आरक्षित रखूंगा।आप सभी के छोटे से निमंत्रण पर भी खंडवा आना स्वीकार करुंगा।उन्होंने किशोरकुमार सम्मान के लिए चुने जाने पर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया और कहा कि यह सम्मान मिलना मेरे लिए बड़ी बात है।
किशोर कुमार को भारत रत्न जरूर मिलेगा, क्योंकि वे इसके हकदार हैं। सभी कलाकारों की यही दिली इच्छा है कि किशोरदा को भारत रत्न मिले। यह बात गायक पी.गणेश ने मंगलवार को किशोरकुमार के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित करते हुए कही। उन्होंने समाधि स्थल पर गीत भी गुनगुनाए। इस दौरान उनके साथ आई गायिका प्रियंका ने भी किशोरदा को भारत रत्न मिलने का समर्थन किया।
यह भी पढ़ें- Kishore Kumar Birth Anniversary: किशोर कुमार के खंडहर बंगले में आज भी आता है बिजली का बिल, चौकीदार करता है अदा