
नईदुनिया प्रतिनिधि, ओंकारेश्वर। तीर्थनगरी के गौमुख घाट पर रविवार रात नर्मदा में नहाने उतरे तीन दोस्तों के लिए कुछ पल की लापरवाही जानलेवा साबित हुई। गहरे पानी में जाने से गाजियाबाद के दो युवकों की डूबकर मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक को मौके पर मौजूद लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नाविकों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 7:30 बजे गाजियाबाद उत्तर प्रदेश निवासी तीन युवक गौमुख घाट पर नर्मदा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से तीनों गहरे पानी में चले गए। घाट पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को बचा लिया, लेकिन 21 वर्षीय सौरभ पुत्र संजय और 20 वर्षीय अमन पानी में डूब गए। वही रोहित पुत्र रामगोपाल को बचा लिया।
घटना की सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद स्थानीय नाविक मुकेश वर्मा, अरुण वर्मा और जीतू वर्मा ने नदी में उतरकर तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला गया। घाट पर ही उन्हें सीपीआर दिया गया और पेट से पानी निकालकर होश में लाने का प्रयास किया गया। इसके बाद पुलिस और नाविकों की मदद से दोनों को ओंकारेश्वर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मांधाता थाना प्रभारी अनोपसिंह सिंदया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। स्वजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।