
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। नीले-नीले अंबर पर चांद जब आए..., दिलबर मेरे कब तक मुझे ऐसे ही तड़पाओगे...रिमझिम गिरे सावन, सुलग सुलग जाए मन... जैसे गीतों से किशोर नाइट की शाम महक उठी। मुंबई आर्केस्ट्रा के पी गणेश और उनके साथी कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत गाए।
पार्श्व गायक विनोद राठौर ने जब मंच पर एंट्री की तो माहौल तालियों से गूंज उठा। उन्होंने किशोर दा के गीत दिल क्या करे जब किसी से किसी को प्यार हो जाए से शुरुआत की। इसके बाद एक से बढ़कर एक गीत गाए और श्रोताओं का दिल जीत लिया।
पुरानी अनाज मंडी प्रांगण में पार्श्व गायक विनोद कुमार राठौर को किशोर कुमार गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान स्वरूप एक लाख रूपये की राशि और सम्मान पट्टिका दी गई। सम्मान राशि व्यवसाई राकेश बंसल की ओर से प्रदान की गई। किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच और नगर निगम के इस आयोजन में वाइस ऑफ खंडवा के विजेता क्रिश मोहे, तीर्थ जैन, रौनक गिदवानी को पुरस्कृत किया गया।
विनोद राठौर किशोर गौरव सम्मान पाकर अभिभूत हो गए। उन्होंने कहा, वेरी वेरी हैप्पी बर्थडे हमारे किशोर दा को। जो चीज खंडवा में होती है, ये वर्ल्ड में और कहीं नहीं होती। ये ऑडियंस वर्ल्ड में कहीं नहीं दिखती। ये समाधि वर्ल्ड में कहीं नहीं दिखती। यह है हमारे स्वर्गीय किशोर दा। मैं किशोर दा के चरण रज को अपने माथे पर लगाता हूं।
खंडवा में एक ही किशोर दा की समाधि है। तो अगर किसी को मिलना है किशोर दा से, लाइव, तो और कहीं न जाए। इंदौर से उतरे गाड़ी में, गाड़ी में बैठे, ढाई घंटे बाद एक लेफ्ट आता है खंडवा के लिए वो लेफ्ट को याद रखें, आपकी हर चीज राइट हो जाएगी। उन्होंने कहा कि किशोर दा कहीं नहीं गए, वो यहीं हैं। उन्हें आप दिल से याद कीजिए।
आयोजन में अतिथि के रूप में महापौर अमृता यादव, विधायक कंचन तनवे, निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, जिला पंचायत पिंकी वानखेडे उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर नागार्जुन बी गौडा, एसपी अगम जैन, निगमायुक्त प्रियंका राजावत सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- जब किशोर कुमार ने बिना तकनीक के निकाली थीं अकेले 21 अलग-अलग आवाजें