आज भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर के दर्शन करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, रात्रि विश्राम भी यहीं होगा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय प्रवास पर 18 जून को ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। दोपहर 1:30 बजे हेलीकाप्टर से ओंकारेश्वर पहुंचकर एनएचडीसी गेस्ट हाउस में ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 18 Jun 2026 07:43:49 AM (IST)Updated Date: Thu, 18 Jun 2026 07:43:49 AM (IST)
ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु। (फाइल फोटो)HighLights
- 18 जून को दोपहर बाद आम श्रद्धालु नहीं कर सकेंगे ज्योतिर्लिंग के दर्शन
- मंदिर ट्रस्ट राष्ट्रपति को भेंट करेगा प्राकृतिक नर्मदेश्वर शिवलिंग
- 19 जून को अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहेंगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय प्रवास पर 18 जून को ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। दोपहर 1:30 बजे हेलीकाप्टर से ओंकारेश्वर पहुंचकर एनएचडीसी गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगी। शाम 6:20 बजे वे ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर और ममलेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन और आरती में शामिल होंगी।
रात्रि विश्राम के बाद 19 जून को अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहेंगी। कार्यक्रम के उपरांत सुबह 11:30 बजे इंदौर के लिए रवाना होंगी।
सुरक्षा और यातायात के व्यापक प्रबंध
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए तीर्थनगरी में सुरक्षा और यातायात के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा के चलते गुरुवार को दोपहर बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर क्षेत्र में प्रवेश और दर्शन पर रोक रहेगी। राष्ट्रपति ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन और आरती में शामिल होंगी। मंदिर ट्रस्ट द्वारा उनका स्वागत और सम्मान किया जाएगा।
प्राकृतिक नर्मदेश्वर शिवलिंग भेंट किए जाएंगे
श्रीजी मंदिर ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी राजा राव पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को प्राकृतिक नर्मदेश्वर शिवलिंग भेंट किए जाएंगे। एसपी अगम जैन ने बताया कि राष्ट्रपति के मूवमेंट के दौरान संबंधित क्षेत्रों में आम लोगों की आवाजाही व ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा। मंदिर में 18 जून को दोपहर साढ़े तीन से शाम सात बजे तक आम लोगों के दर्शन पर रोक रहेगी। मंदिर क्षेत्र की दुकानों और मकानों में जांच कर सुरक्षा प्रविधानों के अनुसार आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर-एसपी लगातार अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं
ओंकारेश्वर में दो दिनों से कलेक्टर-एसपी लगातार अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा कर रहे है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इसके लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के कड़े निर्देश हैं। इसके चलते चाकचौबंद व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति के आगमन के दौरान आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिक्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके चलते आम श्रद्धालु भगवान के दर्शन नहीं कर सकेंगे।