
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। बढ़ती महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस ने गांधी भवन में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने हाथों पर मेहंदी से 'चीनी' लिखकर बढ़ते दामों के प्रति विरोध जताया। इस दौरान महिलाओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम नियंत्रित करने की मांग की।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि चीनी इतनी महंगी हो गई है कि अब इसे खाने के बजाय हाथों पर लिखकर ही संरक्षित करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक है। ऐसे में मिठाई और अन्य पकवान बनाने के लिए चीनी की जरूरत बढ़ जाती है, लेकिन बढ़ते दामों ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। श्रद्धा नाइक ने कहा कि चीनी हर घर की जरूरत है।
त्योहारों के समय मेहमानों के लिए चाय और मिठाइयां बनाने में इसका उपयोग होता है, लेकिन बढ़ती कीमतों के कारण आम परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। हेमलता पालीवाल ने कहा कि त्योहारों की मिठास महंगाई के कारण कम होती जा रही है। महिलाओं के सामने यह चिंता है कि महंगी चीनी के बीच रक्षाबंधन पर भाइयों को मिठाई कैसे खिलाएं।
यह भी पढ़ें- ई-20 पेट्रोल और महंगी शक्कर ने बिगाड़ा आम आदमी का बजट, त्योहारी सीजन में बढ़ी चिंता
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रचना तिवारी ने शायराना अंदाज में महंगाई पर तंज कसते हुए पुराने दिनों में आवश्यक वस्तुओं के कम दाम होने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार के महंगाई कम करने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने आम जनता से महंगाई के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी, हेमलता पालीवाल, सुनीता सकरगाए, रचना तिवारी, मीनू मंडलोई, मीरा व्यास, मीना वर्मा, प्रतिभा कसेरा, ज्योति आर्या, ललिता आर्या, आशी सिलावट, मुमताज बी, श्रद्धा जिभेंकर, हेमलता ठाकुर, सुनीता रायकवार, जाहन्वी रायकवार सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।