खरगोन जिले में प्रेमी की दूसरी जगह सगाई होने से नाराज 15 साल की किशोरी 150 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ी
खरगोन के बड़वाह के पास कटघड़ा गांव में 15 साल की किशोरी प्रेमी की दूसरी जगह सगाई से नाराज होकर 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 30 Apr 2026 01:48:42 PM (IST)Updated Date: Thu, 30 Apr 2026 01:53:42 PM (IST)
खरगोन जिले में मोबाइल टॉवर पर चढ़ी किशोरी।HighLights
- लड़की के जीजा और टावर कंपनी का कर्मचारी ऊपर चढ़े
- काफी समझाने के बाद लड़की नीचे आने को राजी हुई
- नाबालिग पहले भी खुदकुशी की कोशिश कर चुकी है
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। खरगोन जिले के बड़वाह के समीप ग्राम कटघड़ा में 15 साल की किशोरी 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब तीन घंटे तक चले ड्रामे के बाद लड़की को सुरक्षित उतारा जा सका। वह बताया जा रहा है कि लड़की अपने वयस्क प्रेमी की दूसरी जगह सगाई होने से नाराज थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी उसने जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी।
सूचना मिलते ही एसडीएम सत्यनारायण दरों और बड़वाह पुलिस मौके पर पहुंची। नीचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अधिकारियों ने घंटों तक लड़की को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे नहीं उतरी। कुछ देर बाद आखिर में लड़की के जीजा जान जोखिम में डालकर टावर पर चढ़े। उनके साथ टावर कंपनी का एक कर्मचारी भी था। ऊपर काफी देर तक समझाने के बाद लड़की नीचे उतरने को तैयार हुई।
लड़का पहुंचा तो परिजनों ने उसे पीट दिया
पुलिस और एसडीएम की काउंसलिंग में सामने आया कि नाबालिग गांव के ही एक वयस्क युवक से प्रेम करती है। युवक की सगाई कहीं और तय होने से वह आहत थी। लड़की ने लड़के को बुलाने की भी मांग की थी। लड़का मौके पर आया भी, लेकिन परिजनों ने उसे पीट दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे वहां से भेज दिया।
ग्राम सरपंच रामेश्वर चौहान ने बताया कि लड़की सुरक्षित है। एसडीएम ने बताया कि बालिका को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और शादी टूटने से उपजी नाराजगी का है। फिलहाल, बालिका को काउंसलिंग के लिए साथ ले जाया गया है, ताकि उसे मानसिक संबल दिया जा सके।