खरगोन पुलिस की बड़ी कामयाबी, खाली घर में सेंध लगाने वाले 2 चोर गिरफ्तार; 7 लाख रुपये के जेवर बरामद
कोतवाली थाना क्षेत्र में सूने घर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 23 Apr 2026 04:15:14 PM (IST)Updated Date: Thu, 23 Apr 2026 04:15:14 PM (IST)
खरगोन पुलिस की बड़ी कामयाबीHighLights
- सूने घर में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा
- दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, 7 लाख का माल बरामद
- चोरी के जेवर बेचने पहुंचे थे आरोपी, मौके से दबोचे गए
नईदुनिया प्रतिनिधि,खरगोन। कोतवाली थाना क्षेत्र में सूने घर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 7 लाख रुपए का माल और घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन भी जब्त किया है।
पुलिस ने क्या कहा
पुलिस के अनुसार, फरियादी आश्विन 17 अप्रैल को दोपहर करीब ढाई बजे अपने घर से बाहर शादी में गए थे। 18 अप्रैल की सुबह पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर अलमारी के लॉक भी तोड़ दिए गए थे। चोर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण चुराकर फरार हो गए थे। इसके बाद थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 163/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के बाद खुलासा
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक बनवारी लाल मण्डलोई के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान पता चला कि टवडी मोहल्ला निवासी संदीप सावलिया और मोतीपुरा निवासी राजा उर्फ नागेश पाल इस वारदात में शामिल हैं।
बेचने की फिराक के दौरान गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों आरोपियों को बेड़िया मिर्च मंडी के सामने उस समय गिरफ्तार किया, जब वे चोरी किए गए आभूषण बेचने की फिराक में पहुंचे थे। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से करीब 4 लाख रुपए के सोने और 3 लाख रुपए के चांदी के आभूषण बरामद किए गए, साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।