
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय सहित लगभग पूरे जिले में शनिवार सुबह करीब 9:16 पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इस दौरान जमीन के अंदर से किसी भारी वाहन के गुजरने जैसा कंपन महसूस हुआ। कंपन महसूस होते ही कई लोग घरों के बाहर निकल आए। रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई तीव्रता। खंडवा और बड़वानी जिले के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किए गए।
लोगों ने बताया की भूकंप का तेज कंपन महसूस हुआ। यह कुछ देर तक जारी रहा। कंपन महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए और इस बात की पुष्टि एक दूसरे से करने लगे। वही कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर भूकंपन के मैसेज तेजी से वायरल हुए।
जेतापुर निवासी जगदीश भावसार ने बताया कि तेज भूकंपन से दीवार व बर्तनो के हिलने की घटना हुई। मास्टर कॉलोनी निवासी रोहित भावसार ने बताया पूरा घर थरथराकर हिला। जिला मुख्यालय की विभिन्न कालोनियों में लोगों ने कंपन महसूस किए जाने की पुष्टि की।

शनिवार सुबह जिला मुख्यालय सहित जिले के आंचल में भी तेज कंपन महसूस किया गया। इस दौरान कसरावद, झिरनिया, चैनपुर, खलबुजुर्ग, गोगांव आदि क्षेत्र के लोगों ने भी जमीन के अंदर कंपन की बात कही। खरगोन एसडीएम सत्येंद्र बैरवा ने बताया कि शनिवार सुबह क्षेत्र में भूकंपन की सूचना कई जगह से मिली है।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे खंडवा सहित आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र खरगोन जिले के धौलकोट-कुंडिया क्षेत्र में बताया जा रहा है। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र खंडवा मुख्यालय से करीब 88 किलोमीटर दूर और जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है।

कृषि एवं मौसम विशेषज्ञ डा.. सौरव गुप्ता के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकंड पर भूकंप आया। इसकी तीव्रता हल्की श्रेणी की बताई गई है, हालांकि खंडवा में भी लोगों ने झटके महसूस किए।
अचानक धरती कांपने से कुछ देर के लिए लोगों में हलचल रही। डॉ. गुप्ता ने लोगों को आगामी दो से तीन दिनों तक सजग और सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि, भूकंप से संबंधित आधिकारिक प्रशासनिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
बड़वानी जिले के ग्राम चाचरिया व ठीकरी क्षेत्र के पिपरी में भी लोगों ने हल्का कंपन महसूस किया। सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा गांव में महसूस हुआ कंपन।
यह भी पढ़ें- सिंगरौली में भूकंप के झटके, 3.5 रही तीव्रता; राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने की पुष्टि