जवानी का 'गुनाह' बुढ़ापे में बना गले की फांस, 45 साल पहले चुराया था 90 किलो गेहूं, अब 65 की उम्र में पहुंचा जेल
MP News: कहा जाता है कि कानून के हाथ लंबे होते हैं। यदि 45 वर्ष बाद कोई आरोपी गिरफ्तार कर लिया जाए तो इस कहावत का महत्व स्वीकार कर लेना चाहिए। मध्य प् ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 08 Feb 2026 09:56:25 PM (IST)Updated Date: Sun, 08 Feb 2026 09:56:25 PM (IST)
45 साल पहले चुराया था 100 रुपये का गेहूं, अब 65 की उम्र में हुआ गिरफ्तारHighLights
- 45 साल पहले चुराया था 100 रुपये का गेहूं
- अब 65 की उम्र में हुआ गिरफ्तार हुआ व्यक्ति
- वर्ष 1980 में दर्ज हुआ था चोरी का केस
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। कहा जाता है कि कानून के हाथ लंबे होते हैं। यदि 45 वर्ष बाद कोई आरोपित गिरफ्तार कर लिया जाए तो इस कहावत का महत्व स्वीकार कर लेना चाहिए। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बलकवाड़ा थाना क्षेत्र में ऐसा मामला सामने आया है। यहां वर्ष 1980 में छह साथियों के साथ करीब 90 किलो (उस समय कीमत करीब 100 रुपये) गेहूं चोरी करने वाला और तबसे फरार आरोपित सलीम पुत्र मुजीद 45 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
वारदात के समय 20 साल के सलीम को 65 वर्ष की उम्र में घटनास्थल से महज 90 किमी दूर धार जिले के बाग कस्बे से गिरफ्तार किया गया। रोचक यह भी है कि कुल सात आरोपितों में से दो की मौत हो चुकी है। सलीम को छोड़कर चार अन्य आरोपित जमानत पर हैं और केस कोर्ट में विचाराधीन है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित सलीम बेटे के साथ किराना दुकान संचालित कर रहा था। खलटांका पुलिस चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि वर्ष 1980 में बालसमुंद काकड़ के समीप खेत में रखे गेहूं की चोरी की गई थी। मामले में वारंट जारी होने के बाद से आरोपित सलीम फरार चल रहा था।
लंबे समय से फरार वारंटियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने सलीम को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार हाल ही में इसी प्रकरण के एक अन्य आरोपित सलीम पुत्र मोहम्मद की तलाश में पुलिस देवास स्थित उसके घर पहुंची, जहां उसके निधन की जानकारी मिली। स्वजन से पूछताछ में सलीम पुत्र मुजीद के धार जिले के बाग में रहने की जानकारी मिली थी।