

नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। शहर के मोतीपुरा के समीप स्थित मुस्लिम कब्रिस्तान में 15 अगस्त को दफनाई गई 29 वर्षीय विवाहिता का शव दूसरे ही दिन रविवार को कब्र से निकाला गया। मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में उक्त कार्रवाई की गई। मायके वालों ने म़ृतिका के पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए संदिग्ध मौत करार देते हुए जांच की मांग की है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार शहर के मोहन टॉकिज निवासी नीलोफर पति नईम की रविवार को मौत हो गई थी। बताया गया कि नीलोफर ने 15 अगस्त को एसिड पी लिया था, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल लाने के बाद उसे रेफर किया गया, रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतिका के भाई फरहान शेख ने बताया कि नीलोफर की शादी को नौ साल हो गए है। जीजा नईम और बहन दोनों की यह दूसरी शादी है।
फरहान ने आरोप लगाया कि नईम ने पहली बीवी से तलाक होने की जानकारी देकर दूसरा निकाह किया था, लेकिन निकाह के बाद भी दूसरी पत्नी के संपर्क में था। इसी के चलते दोनों के बीच विवाद होते थे। उनका सात साल का बेटी व चार साल का बेटा है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतिका के शरीर पर जगह-जगह चोंट के निशान हैं। उनका आरोप है कि नईम आए दिन मारपीट करता था। परिजनों ने नीलोफर के शरीर पर प्राइवेट पार्ट सहित कई जगह सिगरेट से दागने के भी आरोप लगाए हैं। परिजनों ने बताया कि नीलोफर शिक्षित होकर निजी स्कूल में पढ़ाती थी, वह आत्महत्या जैसा घातक कदम नहीं उठा सकती। परिवार ने आरोप लगाया कि 15 अगस्त को जब नीलोफर की मौत हुई तो, मायके पक्ष को धोखे में रखकर अस्पताल के कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए और जल्दबाजी में उसके दफना दिया।
यह भी पढ़ें- सीधी में शर्मनाक घटना... 4 साल की मासूम से दुष्कर्म के आरोप में CRPF का 59 वर्षीय इंस्पेक्टर गिरफ्तार
15 अगस्त की सुबह नीलोफर पति नईम ने एसिड पीया था, उसे निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया था। पुलिस ने सूचना मिलने पर महिला के कथन लेने चाहे लेकिन वह बात करने की हालत में नहीं थी। हालत बिगड़ने पर इंदौर ले जाते समय महिला की मौत हो गई। शाम के समय ससुराल व मायके पक्ष ने सहमति जताते हुए अंतिम संस्कार कर दिया था। रविवार को मायके पक्ष ने मौत पर संदेह जताते हुए जांच की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि बेटी की हत्या की गई है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। इसके बाद एसडीएम के आदेश पर तहसीलदार की मौजूदगी में कब्र खुदवाई गई। इसके बाद शव का पीएम हुआ है। पीएम रिपोर्ट बाद स्थिति का खुलासा होगा।- राजेंद्र सिरसाठ, निरीक्षक खरगोन