
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। मंडला जिले की नैनपुर थाना की पिंडरई चौकी पुलिस ने सराफा व्यापारी से हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए पारदी गैंग के 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 52.89 लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और वाहन बरामद किए हैं।
क्या है मामला
पुलिस के अनुसार 25 अप्रैल को कन्हरगांव निवासी पवन कुमार सोनी ने पिंडरई चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह पिंडरई बाजार में सराफा दुकान लगाने आया था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश उसके सोने-चांदी के जेवर, नगदी, गिरवी रजिस्टर और दस्तावेजों से भरा बैग चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई गई थी।
विशेष टीम गठित कर जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडला पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची। जांच में सामने आया कि आरोपित सीहोर जिले के लमटी राला पारदीपुरा क्षेत्र के निवासी हैं, जो कंगन, चूड़ी और रुद्राक्ष बेचने के बहाने मंडला, सिवनी और बालाघाट के बाजारों में घूमते थे। आरोपित समनापुर-सांगवा क्षेत्र के पास रेलवे लाइन किनारे अस्थायी डेरा बनाकर रह रहे थे।
चोरी के सामान का बंटवारा कर लिया
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपित 25 अप्रैल को चोरी की योजना बनाकर पिंडरई बाजार पहुंचे थे। बाजार में एक दुकान के सामने रखे बैग में जेवर होने की जानकारी मिलने पर विधि से संघर्षरत एक बालक ने मौका पाकर बैग चोरी कर लिया। इसके बाद आरोपित मोटरसाइकिल और अल्टो कार से फरार होकर अपने डेरे पहुंचे और चोरी के सामान का बंटवारा कर लिया।
ये आरोपित गिरफ्तार किए गए
अपनू लाल पारदी, निवासी लमटी राला पारदीपुरा, थाना नसरूल्लागंज, जिला सीहोर,
निरकेस, निवासी लमटी राला पारदीपुरा, थाना नसरूल्लागंज, जिला सीहोर,
अरिसमिन पारदी, निवासी मूंदीखेड़ी, थाना जावर, जिला सीहोर व दो नाबालिग बालक शामिल हैं।
ये सामग्री बरामद की गई
278 ग्राम 340 मिलीग्राम सोने के आभूषण, कीमत लगभग 38.41 लाख रुपये,
5 किलो 492 ग्राम चांदी के आभूषण, कीमत लगभग 10.98 लाख रुपये,
अल्टो कार एवं मोटरसाइकिल, कीमत लगभग 3.20 लाख रुपये,
नगदी 30 हजार,
कुल बरामद सामग्री की कीमत लगभग 52.89 लाख आंकी गई है।
पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार शर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम में जानकारी देते हुए बताया कि चोरी की वारदात के खुलासे में एसडीओपी मनीष राज के मार्गदर्शन में निरीक्षक बलदेव सिंह मुजाल्दा सहित पिंडरई चौकी और मंडला पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले की जांच में सीहोर पुलिस का भी सहयोग रहा।
20 हजार का इनाम घोषित किया गया था
इस मामले में पहले पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा 20 हजार का इनाम घोषित किया गया था। अब शत-प्रतिशत बरामदगी करने वाली टीम को पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक स्तर पर पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।
यह भी पढ़ें- रायपुर के कृषि विश्वविद्यालय में आग लगने से हड़कंप, करीब 20 लाख रुपए का नुकसान, घंटों बाद पहुंची दमकल