
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला : अंजनियां चौकी क्षेत्र के फूटाताल तालाब में शनिवार को एक व्यक्ति का शव पानी में दिखाई देने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही अंजनियां चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार सिझौरा निवासी 20 वर्षीय चंद्रकुमार मरावी उर्फ गोलू के गुरुवार रात से लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज है। बताया गया है कि लापता होने से पहले अंजनियां मोड़ के पास उसका किसी से विवाद होने की जानकारी भी सामने आई थी। शनिवार को फूटाताल तालाब में शव मिलने के बाद इसे लापता युवक से जोड़कर चर्चाएं शुरू हो गईं।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक शव की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस द्वारा शव को बाहर निकालकर आवश्यक जांच और पहचान की कार्रवाई की जा रही है। पहचान और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शव लापता युवक का है या किसी अन्य व्यक्ति का। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें- मंडला के चकदेही गांव के कच्चे रास्ते में फंसा काफिला, ट्रैक्टर से खींचकर निकाला सांसद का वाहन