
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसे रुक ही नहीं रहे हैं। मंगलवार को फिर गरोठ के पास दुर्घटना हो गई। इसमे गुड़गांव हरियाणा के तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं एक घायल है पर उसकी स्थिति ठीक है।
बताया जा रहा है कि गरोठ के एंट्री गेट से एक ट्रक एक्सप्रेस वे पर चढ़ा ही था कि पीछे से तेज गति से आ रही कार उसमें घुस गई। कार में सवार लोग गुड़गांव से बांसवाड़ा के चाचाकोटा जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर गरोठ के यहां से एक ट्रक चढ़ा। अभी ट्रक चालक एक्सप्रेस वे पर पहुंचा ही था कि पीछे से तेज गति से आ रही कार उसमें जा घुसी। मोके पर ही कार सवार अरविंद पुत्र रोशनलाल निवासी सिकंदरपुर गुड़गांव(हरियाणा), बिंदर पुत्र जगतसिंह निवासी नाथूपुर गुड़गांव(हरियाणा), कैलाश निवासी अलवर (राज) की मौत हो गई। उनके शव भी काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाले।
वही हादसे में विजेंदर पुत्र हरपाल निवासी नाथूपुर गुड़गांव (हरियाणा) घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि ट्रक में पीछे से कार घुसने पर ही हादसा हुआ है। घायल विजेंदर ने बताया कि जब ट्रक ड्राइवर एक्सप्रेस वे पर ट्रक लेकर आया तो ट्रक के पीछे की लाइट बंद थी।
साथ ही बारिश होने के कारण भी ट्रक दिखी नहीं। और यह हादसा हो गया। चारों युवक बांसवाड़ा के पास प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चाचाकोटा जा रहे थे।
यह भी पढ़ें- मंदसौर में सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में पलटी बस, नीचे दबने से कंडक्टर की मौत, 28 यात्री घायल